सीएनई रिपोर्टर, गरमपानी। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार पुलिस टीम नैनीताल द्वारा मानव दुर्व्यापार (Human Trafficking) के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जन जागरुकता अभियान चलाया गया।
यह अभियान क्वारब से खैरना व गरमपानी तक चलाया गया। इसमें नैनीताल पुलिस टीम के अधिकारी व कार्मिक शामिल थे। टीम द्वारा जगह—जगह वाहनों को रुकवा यात्रिगणों को भी जागरुकता का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि मानव दुर्व्यापार समाज का सबसे घृणित रूप है। यह एक ऐसी आपराधिक प्रथा है जिसमें मानव का एक वस्तु की तरह शोषण करके लाभ कमाया जाता है।
किसी व्यक्ति की खरीद—फरोख्त, महिलाओं—बालिकाओं से वैश्यावृत्ति करवाना, ड्रग्स तस्करी, अश्लील सामग्री तैयार करना, नौकरी या अन्य प्रलोभन देकर शोषण करना, विवाह के नाम पर खरीद—फरोख्त करना, जबरन घरेलू कार्य करवाना, अंग प्रत्यारोपण करना, भीख मंगवाना, बंधवा मजदूरी करवाना, अवैध तरीके से बच्चे गोद लेना आदि इस अपराध के अंतर्गत आते हैं।
उन्होंने बताया कि यह सब बीएनएस की धारा 143, 144 के अधीन दंडनीय अपराध है। यदि ऐसा कुछ दिखाई दे तो आम जनता एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट या टॉल फ्री नंबर 112 पर सूचना दी जा सकती है।
इस अवसर पर अपर पुलिस निरीक्षक सूरज सिंह, कांस्टेबल चंद्र प्रकाश, कांस्टेबल राजेश जोशी, चालक रमेश सिंह आदि शामिल रहे।

