हत्या या दुर्घटना ! जांच में जुटी पुलिस
सीएनई रिपोर्टर, क्वारब/सुयालबाड़ी : कपिलेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के निकटवर्ती गेराड़ी लटवाल में सुयाल नदी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का पूर्णतः नग्न शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की हालत बेहद विभत्स बताई जा रही है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक एक पुरुष है, जिसकी दाढ़ी है। उसके गले में तुलसी की कंठी माला तथा हाथ पर ओउम’ (ॐ) का चिन्ह गुदा हुआ पाया गया है। शव की स्थिति अत्यंत संदिग्ध है—मृतक की दाहिनी आंख बाहर निकली हुई थी, जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या कोई दुर्घटना। पुलिस द्वारा आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही क्वारब चौकी इंचार्ज मनोज अधिकारी, कांस्टेबल आनंद राणा और गोपाल बिष्ट मौके पर पहुंचे। शव दुर्गम स्थान पर होने के कारण ग्रामीणों की मदद से करीब 2 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पार कर शव को सड़क तक लाया गया।
इसके पश्चात कोतवाल प्रकाश मेहरा और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से निरीक्षण किया। सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुयालबाड़ी भेजा गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास के थानों और जिलों को भी सूचना भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की अनुमानित उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि युवक की मौत पहाड़ी से गिरने, अत्यधिक ठंड या अन्य प्राकृतिक कारणों से हो सकती है, हालांकि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
क्षेत्र में दहशत, ग्रामीणों में कई तरह की चर्चाएं
इस रहस्यमय घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोग इसे साधु वेश, कंठी माला और शरीर पर धार्मिक प्रतीकों से जोड़कर देख रहे हैं, जिससे मामले को लेकर जिज्ञासा और भय दोनों बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

