गाजियाबाद में दबोचा गया शातिर
विश्वास की आड़ में धोखाधड़ी: क्या था पूरा मामला?
CNE REPORTER, नैनीताल/गाजियाबाद। झीलों की नगरी नैनीताल में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को चौकन्ना कर दिया है। यहाँ एक शातिर युवक ने खुद को पर्यटक बताकर किराए पर रॉयल एनफील्ड की ‘हंटर बुलेट’ ली और फिर उसे लेकर रफूचक्कर हो गया।
आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए न केवल अपना फोन बंद किया, बल्कि बाइक (Royal Enfield Hunter 350) की नंबर प्लेट बदलकर उसकी पहचान मिटाने की भी पूरी कोशिश की। हालांकि, नैनीताल पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई और उसे गाजियाबाद के डासना हाईवे से दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को तल्लीताल निवासी अनीष कुमार (पुत्र अनिल कुमार, निवासी सेंट मेरी कॉन्वेंट) ने तल्लीताल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अक्षत बाजपेयी नामक युवक 22 मार्च 2026 को उनसे किराए पर हंटर बुलेट (संख्या: UK04TB-6949) ले गया था। जब निर्धारित समय बीतने के बाद भी न तो बाइक वापस आई और न ही युवक ने फोन उठाया, तो अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा-316(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तकनीकी जाल में फंसा आरोपी: गाजियाबाद से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के बाद, पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण (सर्विलांस) और मुखबिरों के जाल की मदद से आरोपी का पीछा किया। बीती रात पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित डासना हाईवे पर दबिश दी और आरोपी अक्षत बाजपेयी को चोरी की बाइक के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।
शातिर चाल: फर्जी नंबर प्लेट से पहचान छिपाने की कोशिश
आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए शातिराना तरीका (Modus Operandi) अपनाया था। उसने बाइक की असली नंबर प्लेट हटाकर उस पर फर्जी नंबर प्लेट (UP32NH5715) लगा दी थी ताकि कोई उसे पहचान न सके। हालांकि, जब पुलिस टीम ने वाहन के चेसिस नंबर (ME3J3D5FHR1004416) और इंजन नंबर (J3A5FHR1307456) का मिलान किया, तो परतें खुलती चली गईं और पुष्टि हो गई कि यह वही चोरी की बाइक है। इस जालसाजी के बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 336(3) और 340(2) की वृद्धि की गई है।
आरोपी और बरामदगी का विवरण
- गिरफ्तार आरोपी: अक्षत बाजपेयी (उम्र 22 वर्ष), पुत्र साकेत बाजपेयी। निवासी- जोलो कास्मो वालालिटियम, सेक्टर 27, नोएडा (मूल निवासी- चौक, लखनऊ)।
- बरामदगी: रॉयल एनफील्ड हंटर बुलेट (मूल संख्या UK04TB-6949) और एक फर्जी नंबर प्लेट (UP32NH5715)।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम: इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय और कांस्टेबल अनूप सिंह शामिल रहे, जिन्हें स्थानीय निवासी मोहम्मद आरिफ एवं अली सलमान जाफरी (निवासी कृष्णापुर तल्लीताल) का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।


