पैनिक बुकिंग से बचने की अपील
ईरान–अमेरिका तनाव के बीच सोशल मीडिया पर फैल रहीं भ्रामक खबरें
प्रशासन की चेतावनी—अफवाह फैलाने, जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई
सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल/अल्मोड़ा। मध्य एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान–अमेरिका के बीच चल रहे हालिया घटनाक्रमों के बीच घरेलू गैस (एलपीजी) की आपूर्ति को लेकर देशभर में तरह—तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भी सोशल मीडिया के माध्यम से LPG गैस किल्लत संबंधी अफवाहें फैलने लगी हैं। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि नैनीताल और अल्मोड़ा जनपद में एलपीजी (LPG) की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
नैनीताल जनपद में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे भ्रामक संदेशों को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जनपद में ईंधन (LPG) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें फैलाकर लोगों में अनावश्यक भय और घबराहट का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में आम जनता किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करे और अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिकों से 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
अल्मोड़ा में प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक
इधर अल्मोड़ा जनपद में भी संभावित परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घरेलू गैस एजेंसियों के संचालकों एवं संबंधित हितधारकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में घरेलू गैस की आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने, कालाबाजारी और जमाखोरी पर नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
25 दिन के अंतराल में ही होगी गैस बुकिंग
जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान न होने पाए और प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना बुकिंग किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
साथ ही गैस बुकिंग के लिए निर्धारित 25 दिन के अंतराल का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके और अनावश्यक भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
निगरानी के लिए गठित हुई क्विक रिस्पांस टीम
गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रशासन ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया है। इन टीमों में संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और पूर्ति निरीक्षक शामिल होंगे, जो समय—समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अपने स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड संधारित करें और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन को इसकी जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या सूचना के लिए नागरिक 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर +91 79004 33294 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में ही गैस बुकिंग करें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर लेने का प्रयास न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस उपलब्ध हो सके।


