काकड़ीघाट : सुहागिन महिलाओं ने रखा वट सावित्री व्रत, वट वृक्ष पर पूजन

सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी/गरमपानी। शुक्रवार को यहां वट सावित्री व्रत धूमधाम से मनाया गया। हिंदू धर्मावलंबी महिलाओं ने व्रत रखकर अपने सुहाग के कल्याण एवं रक्षा की कामना की। हनुमान मंदिर काकड़ीघाट में बड़ी संख्या में महिलाओं ने वट वृक्ष की पूर्ण विधि विधान से पूजन किया।
आज प्रात: से ही महिलाओं का हुजूम विभिन्न मंदिरों में देखा गया। हनुमान मंदिर काकड़ीघाट में वट वृक्ष के नीचे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिलाओं ने पंचोपचार विधि से वट वृक्ष का पूजन किया। साथ ही वृक्ष में कच्चा सूत बांधकर परिक्रमा की।
लाल-पीली साडिय़ों में सजी महिलाओं ने बताया कि इस पर्व को लेकर उन्होंने व्रत धारण किया है। उन्होंने पूजन के उपरांत सदा-सुहागिन रहने की मनौती मांगी है। हनुमान मंदिर काकड़ीघाट में पुजारी आनंद महाराज ने विधि-विधान से पूजन करवाया। अन्य पुरोहितों द्वारा भी वट वृक्ष की पूजा अलग-अलग स्थानों पर करवाई गई।