राइंका ढोकाने में विशेष कार्यक्रम
विधायक ने की 100 कुर्सी-मेज व 2 लाख रुपये देने की घोषणा
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज ढोकाने में आयोजित एनएसएस शिविर के दौरान विधायक सरिता आर्य ने विद्यालय को 100 कुर्सी-मेज और दो लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही विद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

विधायक सरिता आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा संस्थानों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को अनुकूल वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है और एनएसएस जैसे मंच इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की बात कहते हुए उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

नैनीताल के पीएम श्री एयूजीआईसी परिसर में एनएसएस शिविर के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासन ने आधारभूत सुविधाओं से संबंधित मांगें प्रस्तुत कीं, जिन पर विधायक ने गंभीरता से विचार करने और शीघ्र समाधान के लिए सहयोग देने की बात कही।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत सत्र से हुई, जिसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और एनएसएस गीत की प्रस्तुतियां हुईं, जिनमें समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के विषय प्रमुख रहे।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, क्षेत्रीय विकास और युवाओं के सर्वांगीण विकास जैसे मुद्दों पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर ब्लॉक स्तर से विद्यालय को पांच सोलर लाइट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचर्य मोहन राम आर्य ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ, एनएसएस और एनसीसी के छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे। आयोजन को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और प्रेरक पहल के रूप में देखा गया।


