पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। द्वाराहाट क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। किराने की दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने का खेल चल रहा था, जिसका खुलासा पुलिस की सतर्कता से हुआ। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को कोतवाली द्वाराहाट के प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान भतौड़ा मैदान के पास स्थित एक किराने की दुकान पर पुलिस को संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। जब पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 12 बोतल अंग्रेजी शराब और 48 पाउच माल्टा देशी अवैध शराब बरामद की।
पूछताछ में आरोपी की पहचान तारा सिंह (45 वर्ष) पुत्र खीम सिंह निवासी भतौड़ा, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी किराने की दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री कर रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार फैल रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली द्वाराहाट में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से नजर रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम में उप निरीक्षक धरम सिंह, कांस्टेबल रामेश्वर सिंह और कांस्टेबल अजय रावत शामिल रहे।


