ऑपरेशन प्रहार: कालाबाजारी पर सख्त एक्शन
दो सगे भाई गिरफ्तार
सीएनई रिपोर्टर, रामनगर, नैनीताल। कोतवाली पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग करने वाले एक गिरोह को ध्वस्त किया है। पुलिस ने मौके से दो शातिर भाइयों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में उपकरण और ज्वलनशील पदार्थ बरामद किए हैं।
ज्ञात रहे कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। अवैध गतिविधियों और जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध जारी इस अभियान के तहत घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग करने वाले एक गिरोह का भांडाफोड़ किया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने खताड़ी क्षेत्र में सटीक सूचना के आधार पर एक मकान में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि आवासीय क्षेत्र के भीतर अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण कर उनसे छोटे सिलेंडरों में रिफिलिंग का धंधा धड़ल्ले से चल रहा था।
पुलिस द्वारा की गई इस छापेमारी में मौके से 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस रिफिलिंग के विभिन्न उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, बाट और लगभग आधा ड्रम अवैध डीजल (ज्वलनशील पदार्थ) बरामद किया गया है। मौके से अवैध रिफिलिंग की गतिविधियों में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो आपस में सगे भाई हैं:
- अमन उर्फ भल्ला (उम्र 26 वर्ष), पुत्र रईस अहमद, निवासी खताड़ी, रामनगर।
- शहजाद उर्फ शैजी (उम्र 23 वर्ष), पुत्र रईस अहमद, निवासी खताड़ी, रामनगर।
इन दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट, उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल गगन भण्डारी, कांस्टेबल संजय सिंह और महिला कांस्टेबल रेशू शामिल रहे। पूरी टीम ने समन्वय के साथ छापेमारी कर इस खतरनाक अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कड़ा संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले और लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस की कालाबाजारी में संलिप्त अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि जनपद में अवैध भंडारण और रिफिलिंग के विरुद्ध यह कठोर कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
आमजन से अपील : पुलिस प्रशासन ने जनता से अनुरोध किया है कि यदि उनके आसपास गैस की अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी या किसी भी प्रकार के अवैध भंडारण की सूचना प्राप्त होती है, तो तुरंत आपातकालीन नंबर 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। आपकी सतर्कता बड़े हादसों को टालने में सहायक हो सकती है।


