Bageshwar Breaking: मकान में लगी आग, लाखों की क्षति

- हादसे के वक्त पीड़ित का परिवार दीपावली मिलने भाई के घर गया था
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर
यहां मंडलसेरा उत्तरी वार्ड में मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक मकान में आग लग गई। आग ने चार कमरों को अपने आगोश में ले लिया। घटना के वक्त पीड़ित का परिवार दीपावली मिलने अपने भाई के घर गए थे। सभासद ने घटना की जानकारी पीड़ित को दी। पीड़ित ने बताया कि आग से उन्हें 15 लाख का नुकसान हुआ है।
दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी मंडलसेरा निवासी गणेश राम पुत्र जैत राम मंगलवार को अपने भाई से मिलने गए थे। करीब साढ़े नौ बजे उनके कमरे से धुआं उठने लगा।। इसकी जानकारी वार्ड सदस्य कैलाश राम ने उन्हें और दमकल विभाग को दी। जब तक वह अपने कमरे में लौटे आग ने पूरे मकान को अपने आगोश में ले लिया। घर के अंदर रखा सारा सामान धू-धू कर जल रहा था। थोड़ी देर में दमकल कर्मी गणेश चंद्र के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे। उन्होंने और स्थानीय लोगों ने आग पर किसी तरह काबू पाया।
पीड़ित ने बताया कि इस हादसे में उन्हें करीब 15 लाख का नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को दे दी है। दीपावली पर हुए हादसे के बाद परिजन सदमे में हैं। रोते परिजनों को समझाने के आसपास के लोगों का तांता लगा रहा। दमकल विभाग ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। मामले की जांच चल रही है।