सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में नशे के सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बनभूलपुरा थाना पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर एक शातिर नशा तस्कर रिजवान अंसारी उर्फ मंत्री को अवैध स्मैक की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी क्षेत्र में रिजवान उर्फ ‘मंत्री’ के नाम से कुख्यात है, जिसके पास से पुलिस ने 32.13 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए प्रदेश स्तर पर ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ मिशन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मंजूनाथ टीसी द्वारा जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और तस्करों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए सभी अधीनस्थों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध इलाकों में छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं।
घेराबंदी कर दबोचा गया तस्कर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जब पुलिस टीम बनभूलपुरा क्षेत्र में गश्त और चेकिंग पर थी, तभी मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गोसिया मस्जिद के पीछे वाली गली, इंदिरानगर से एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से व्यावसायिक मात्रा में स्मैक बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान रिजवान अंसारी उर्फ मंत्री (उम्र 35 वर्ष), पुत्र वसरूद्दीन अंसारी, निवासी मोहम्मदी मस्जिद के पास वाली गली, इंदिरानगर, कोतवाली बनभूलपुरा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली बनभूलपुरा में नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS ACT) की धारा 8/21 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इस महत्वपूर्ण सफलता में मुख्य रूप से उप निरीक्षक जगवीर सिंह, नागरिक पुलिस कांस्टेबल 469 दिलशाद अहमद, कांस्टेबल 764 सुच्चा सिंह तथा नागरिक पुलिस कांस्टेबल 497 सुनील कुमार की विशेष भूमिका रही।


