हल्द्वानी (सीएनई रिपोर्टर): उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के अंतर्गत नैनीताल पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर अपना शिकंजा और कस दिया है। इसी क्रम में हल्द्वानी पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए एक महिला तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद की गई 203 ग्राम स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 60,90,000 रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, डॉक्टर मंजूनाथ टीसी द्वारा जनपद में युवाओं को नशे के जाल से सुरक्षित रखने और ड्रग्स माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। इन आदेशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा बेलबाबा क्षेत्र के निकट सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर जब उससे पूछताछ और तलाशी ली गई, तो उसके पास से अवैध स्मैक बरामद हुई।

पकड़ी गई आरोपी की पहचान कनिका पत्नी विजय, निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैम्प, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। 40 वर्षीय इस महिला के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास और नशे के इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों को खंगाल रही है।
पुलिस टीम को नकद पुरस्कार
सराहनीय कार्य करने वाली इस संयुक्त टीम के उत्साहवर्धन हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार (ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी), हेड कांस्टेबल पुष्पा देवी, कांस्टेबल अनिल टम्टा, कांस्टेबल तारा सिंह, हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) तथा कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का सख्त संदेश “जनपद नैनीताल में नशे का अवैध कारोबार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस न केवल तस्करों को जेल भेज रही है, बल्कि ड्रग्स माफियाओं की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को कुर्क करने (जब्तीकरण) की कार्यवाही भी निरंतर जारी है, ताकि नशे के इस पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को जड़ से समाप्त किया जा सके।”


