चढ़ा लालकुआं पुलिस के हत्थे, उगले राज
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। नशे की लत में डूबे महज 20 साल के शातिर चोर को पुलिस टीम ने सोने के लाखों के जेवरात सहित गिरफ्तार कर लिया है। वह पूर्व में भी चोरी के आरोप में जेल चुका है। आरोपी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है कि नशे की लत में उसने यह रास्ता अपनाया।
पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के कड़े निर्देश में लालकुआं पुलिस ने 02 अलग-अलग चोरी के मामलों का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर को चोरी के माल सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
गत 24 फरवरी को वादी बसंती देवी निवासी तिवारी नगर बिंददुखत्ता व 29 अप्रैल को वादी हीरा सिंह शाही निवासी तिवारी नगर बिंददुखत्ता लालकुआं क्षेत्र से 02 अलग-अलग चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। जिनमें अज्ञात चोर द्वारा घरों से सोने के आभूषण (मंगलसूत्र, झुमके, नथ, मांगटीका आदि) चोरी कर लिये गये थे। दोनों घटनाओं में कोतवाली लालकुआं में अभियोग दर्ज कर विवेचना चौकी बिन्दुखत्ता प्रभारी उनि सोमेन्द्र सिंह को सौंपी गई।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा शीघ्र अनावरण के कड़े निर्देश दिए गए थे। अनुपालन में एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चन्द्र के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के नेतृत्व में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं दिनेश फर्त्याल द्वारा पुलिस टीम गठित की गईं।
पुलिस टीम द्वारा 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया एवं 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर सघन सुरागरसी-पतारसी की गई। इसी क्रम में 23 जून को अथक प्रयास के उपरांत अभियुक्त बादल गोसाई उम्र 20 वर्ष पुत्र स्व पप्पू गोसाई निवासी तिवारी कालोनी, लालकुआं को शमशान घाट के पास मैन हाईवे से गिरफ्तार किया गया।
पहले भी जा चुका है जेल
उसकी निशानदेही पर दोनों मुकदमों से संबंधित चोरी का माल बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने इंजेक्शन के नशे का आदी होना स्वीकारते हुए, नशे की पूर्ति के लिये ही चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी पूर्व में भी चोरी और शस्त्र अधिनियम जैसे मामलों में जेल जा चुका है।
आरोपी के पास से 02 अदद पीली धातु के मंगलसूत्र व 01 अदद पीली धातु का मांगटीका तथा 01 अदद पीली धातु की नथ व 01 जोड़ी पीली धातु के झुमके बरामद हुए। पुलिस टीम में चौकी प्रभरी बिंदुखत्ता एसआई सोमेंद्र सिंह, कांस्टेबल विरेंद्र रौतेला, दयालनाथ, दलीप कुमार, आनंदपुरी व तरुण मेहता शामिल रहे।

