👉 सात दिवसीय सहकारिता मेला शुरू, केंद्रीय राज्यमंत्री ने किया शुभारंभ
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां सिमकनी मैदान में शुक्रवार को सहकारिता मेले का आगाज हो गया। इसका शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय आदि ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक चलने वाले मेले के माध्यम से सहकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों, समूहों एवं संगठनों को अपने उत्पादों की बिक्री करने का अवसर मिलेगा और इससे उनके उत्पादों को पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वोकल फॉर लोकल का मंत्र साकार होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्वदेशी उत्पादों का उपभोग बढ़ाएं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने सहकारिता विभाग के लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए ऋण राशि के चेक भी वितरित किए। इस दौरान 10 लाभार्थियों को 12.8 लाख रुपए की धनराशि के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर विधायक मनोज तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, पूर्व चेयरमैन डीसीबी ललित लटवाल, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, संयुक्त निबंधक सहकारी समितियां नीरज बेलवाल, महाप्रबंधक मनोहर भंडारी, सहायक निबंधक रोहित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

