गुड न्यूज : राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में शामिल होंगे अल्मोड़ा के पांच गुरुजन
उत्तराखंड प्रदेश की हॉकी टीम में हुआ चयन

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज की आंध्र प्रदेश में होने जा रही राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड की हॉकी टीम में चार पुरुष व एक महिला शिक्षिका का चयन हुआ है। प्रदेश की टीम में 05 गुरुजनों का चयन होने पर तमाम लोगों ने हर्ष जाहिर किया है।
उल्लेखनीय है कि अनु सचिव उत्तराखंड शासन गोकर्ण सिंह रावत द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज हॉकी पुरुष व महिला प्रतियोगिता 15 फरवरी से 28 फरवरी तक आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा में होगी। इस प्रतियोगिता अंतर्गत उत्तराखंड की हॉकी टीम में 04 अध्यापक खिलाड़ी और 01 महिला अध्यापिका का चयन हुआ है।
इन शिक्षकों का हुआ चयन
चयनित शिक्षकों में दीपक वर्मा, प्रधानाध्यापक राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय एनटीडी, पंकज टम्टा राइंका खूंट, कुंदन कनवाल राइंका पेटशाल तथा विरेंद्र सिंह बिष्ट राइंका कुलसीवी शामिल हैं। इसके अलावा विकासखंड ताड़ीखेत से शिक्षिका कृतिका जोशी का भी चयन प्रदेश की महिला टीम में हुआ है।
राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व
इधर उत्तराखंड पुरुष/महिला हॉकी टीम में चयन होने पर विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिह चौहान व कैलाश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी अनेश सयाना, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक चंदन सिंह बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी हवालबाग हरीश रौतेला, जिला क्रीड़ाधिकारी, हॉकी कोच एवं समस्त खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं।