सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी/नैनीताल। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी, नैनीताल में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से संचालित एफ4एस (Football for School) कार्यक्रम के अंतर्गत नैनीताल जनपद के 14 विद्यालयों को फुटबॉल वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन एवं सहयोग जैसे गुणों का विकास करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी श्री कैंची धाम द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान सुयालबाड़ी श्री दीपक सुयाल उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों को अच्छे गुणों को आत्मसात करने तथा खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपा जोशी ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों के जीवन में अनुशासन, सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
अपने संबोधन में उपजिलाधिकारी श्री कैंची धाम ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया तथा कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकों श्री भूषण सिंह, श्रीमती पप्पल चौधरी, श्री विमेश शर्मा एवं श्रीमती स्वाति का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन श्री नीरज तिवारी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपजिलाधिकारी महोदय ने विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के आगामी बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने एवं बेहतर प्रदर्शन करने हेतु शुभकामनाएं दीं।
यह कार्यक्रम क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिससे विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।

