भूमि पूजन और चुनाव 24 अगस्त को
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी
उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन का पांचवा त्रिवार्षिक अधिवेशन 24 अगस्त 2025, रविवार को देहरादून में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल कचहरी रोड स्थित ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के निकट होगा।
अधिवेशन के शुभ अवसर पर सरकार द्वारा सेनानी सदन के लिए आवंटित भूमि का पूजन किया जाएगा। भूमि पूजन का कार्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। इस ऐतिहासिक क्षण को संगठन ने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों के सम्मान से जोड़ा है।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में माता मंगला, भोले महाराज, विधायक खजान चंद (राजपुरा) और देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अधिवेशन के दूसरे सत्र में संगठन की प्रांतीय कार्यकारिणी के चुनाव भी संपन्न होंगे। इस मौके पर संगठन को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
संगठन के जिला अध्यक्ष नैनीताल नवीन चंद पांडे ने बताया कि अधिवेशन में उत्तराखंड के सभी जनपदों से सेनानी परिवारों और उनके उत्तराधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
नवीन पांडे ने उम्मीद जताई कि बड़ी संख्या में उत्तराधिकारी देहरादून पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

