30 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। जनपद में इंजीनियरों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को जल संस्थान और जल निगम के इंजीनियरों ने भी हड़ताल में शामिल होकर आंदोलन को व्यापक समर्थन दिया। विभिन्न विभागों के इंजीनियरों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
बुधवार को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) गेस्ट हाउस परिसर में बड़ी संख्या में इंजीनियर एकत्रित हुए, जहां एक सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनका आंदोलन लंबे समय से जारी है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
इंजीनियरों ने कहा कि हड़ताल का सीधा असर विकास कार्यों पर पड़ रहा है। जिले में डामरीकरण, भवन निर्माण और अन्य परियोजनाएं ठप हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि अब तक हड़ताल के कारण जिले को लगभग 30 करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हो चुका है, जो लगातार बढ़ता जा रहा है।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से जल्द वार्ता कर समाधान निकालने की अपील भी की।
सभा में इं. नंद किशोर जोशी, बिपिन सनवाल, राज कमल, संतोष कुमार, प्रमोद सिंह, नेहा सिंह, देवेंद्र कुमार, विजया, सोनी, दीपिका मनुजा, दीपक, विजय, कुंदन, संदीप, धन सिंह, दीपक उप्रेती सहित कई इंजीनियर मौजूद रहे।


