जानें किन सेवाओं को मिलेगी छूट
21 व 22 मार्च को कहीं जाने से पहले जरूर पढ़ें यह ख़बर
CNE REPORTER, हल्द्वानी: भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च 2026 को जनपद नैनीताल के प्रवास पर रहेंगे, जहाँ वे सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के हीरक जयंती समारोह में प्रतिभाग करने के साथ ही हल्द्वानी के महेंद्र प्रताप सिंह (एमबी) इंटर कॉलेज में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और जनपद में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल शनिवार 21 मार्च को हल्द्वानी और नैनीताल जनपद के दौरे को देखते हुए पुलिस ने दो दिन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। रक्षा मंत्री की जनसभा में 50 हजार से भी अधिक की भीड़ जुटने की संभावना है। जिसको देखते हुए संपूर्ण नैनीताल जनपद में शनिवार व रविवार प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तकसंपूर्ण माल वाहकों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

भ्रमण का पूरा कार्यक्रम
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री का कार्यक्रम विवरण इस प्रकार है:
- आगमन: रक्षा मंत्री 21 मार्च को उत्तर प्रदेश के त्रिशूल एयर फोर्स स्टेशन बरेली से प्रस्थान करेंगे और पूर्वाह्न 11:15 बजे घोड़ाखाल हेलीपैड, नैनीताल पहुंचेंगे।
- हीरक जयंती समारोह: वे सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के हीरक जयंती के अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।
- हल्द्वानी प्रस्थान: दोपहर 1:10 बजे वे घोड़ाखाल से प्रस्थान कर दोपहर 1:30 बजे आर्मी हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे।
- जनसभा: आर्मी हेलीपैड से वे सीधे महेंद्र प्रताप सिंह (एमबी) इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे, जहाँ उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा में हिस्सा लेंगे।
- वापसी: कार्यक्रम समापन के पश्चात अपराह्न 3:25 बजे वे पुनः त्रिशूल एयर फोर्स स्टेशन, बरेली के लिए रवाना हो जाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था: त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा और ड्रोन से निगरानी
रक्षा मंत्री के दौरे के मद्देनजर मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित कड़े निर्देश दिए गए हैं:
- त्रिस्तरीय सुरक्षा: कार्यक्रम स्थलों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैनात रहेगा। छतों और ऊंची इमारतों पर विशेष पुलिस दस्ते तैनात किए गए हैं।
- सघन चेकिंग: बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वायड द्वारा प्रत्येक स्थल की सघन एंटी-सबोटाज चेकिंग की जाएगी।
- तकनीकी निगरानी: क्लोज्ड सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
- विशेष बल: आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस), क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और प्रादेशिक आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (पीएसी) की विभिन्न वाहिनियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन प्लान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, डॉक्टर मंजूनाथ टीसी ने बताया कि 21 और 22 मार्च को ईद और लंबे सप्ताहांत (लॉन्ग वीकेंड) के कारण पर्यटकों की भारी भीड़ होने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं:
- भारी वाहनों पर रोक: संपूर्ण जनपद नैनीताल में भारी और मालवाहक वाहनों का संचालन प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
- अनिवार्य सेवाएं: केवल दूध, सब्जी, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस (एलपीजी) और चिकित्सा आपूर्ति वाले वाहनों को ही इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी।
- कठोर कार्रवाई: नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को तत्काल सीज करने के आदेश दिए गए हैं।

उच्चस्तरीय सुरक्षा ब्रीफिंग और उपस्थित अधिकारी
रक्षा मंत्री के प्रस्तावित भ्रमण के दृष्टिगत राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में उच्चस्तरीय पुलिस एवं प्रशासनिक ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना करन सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉक्टर मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा, पुलिस अधीक्षक (अपराध/यातायात) नैनीताल जगदीश चंद्र, उप प्रधानाचार्य पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (पीटीसी) नरेंद्र नगर प्रकाश चंद्र आर्य, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, उप सेनानायक 40वीं वाहिनी प्रादेशिक आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (पीएसी) हरिद्वार जोध राम जोशी, सेनानायक 31वीं वाहिनी प्रादेशिक आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (पीएसी) रुद्रपुर उधम सिंह नगर मिथिलेश सिंह, सेनानायक 40वीं वाहिनी प्रादेशिक आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (पीएसी) रुद्रपुर उधम सिंह नगर वीर सिंह, उप सेनानायक स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) शांतनु पराशर, सहायक सेनानी 31वीं वाहिनी प्रादेशिक आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (पीएसी) रुद्रपुर तपेश कुमार चंद तथा अन्य जनपदों से वीवीआईपी ड्यूटी हेतु नियुक्त समस्त पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।


