बागेश्वर: हाइवे पेट्रोल वाहन से जल्द गिरफ्त में आएंगे अपराधी

—जिले को मिले दो हाइवे पेट्रोल वाहन
—एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर
अपराध और कानून व्यवस्था पर त्वरित कार्रवाई होगी। जिसके लिए पुलिस को संसाधन दिए जा रहे हैं। अपराधियों तक पहुंचने के लिए हाइवे पेट्रोल वाहन भी मिल गए हैं। कोई भी अपराधी अब पुलिस की नजर से बच नहीं सकेगा।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने हाइवे पेट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिले को दो हाइवे पेट्रोल वाहन आवंटित हुए हैं। जिसके लिए मार्ग भी निर्धारित कर दिए गए हैं। जिसमें दो उपनिरीक्षक, दो मुख्य आरक्षी, चार आरक्षी और छह होमगार्ड तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह वाहन सड़क दुर्घटनाओं के अलावा अपराधियों को पकड़ने में भी काम आएंगे। जिले के लोगों की शिकायतों का त्वरित निदान होगा। जिसके लिए लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। महिलाओं को कानून की जानकारी प्रदान की जा रही है। कोतवाली, थाना, चौकी प्रभारियों को भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। वह किसी नशा समेत अन्य अपराधों पर शिकंजा कसेंगे और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देंगे। इस दौरान सीओ शिवराज सिंह राणा, अंकित भंडारी आदि मौजूद थे।