सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाया गया दिन
अल्मोड़ा (सीएनई रिपोर्टर): जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आज महान समाज सुधारक मुंशी हरि प्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखा। इसके पश्चात एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उनके द्वारा समाज हित में किए गए कार्यों को याद किया गया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि मुंशी हरि प्रसाद टम्टा का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और दलित-शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने अपने पूरे जीवन में समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अथक प्रयास किए। विधायक ने जोर देकर कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है।
“सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में मनाया गया दिन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि उनकी पुण्यतिथि को “सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में मनाना उनके विचारों और संघर्षों को सच्ची श्रद्धांजलि है। टम्टा ने समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता के खिलाफ मुखर होकर आवाज बुलंद की। उन्होंने शिक्षा, संगठन और जागरूकता को समाज में परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम बनाया।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी सदैव सामाजिक न्याय, समरसता और भाईचारे के मूल्यों पर चलती आई है और आगे भी इन सिद्धांतों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से आह्वान किया कि वे टम्टा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लें।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय, पूरन रौतेला, विनोद वैष्णव, राधा बिष्ट, सहज़ाद कश्मीरी, तारा चंद्र साह, वैभव पाण्डेय, दीपक कुमार, निर्मल रावत, दानिश खान, पारितोष जोशी, जगदीश पाण्डेय, जगदीश तिवारी, ललित सतवाल, आनंद बिष्ट, कार्तिक साह, विश्वास टम्टा, मुकेश कुमार, नारायण दत्त पाण्डेय, मनोज वर्मा, आशा शर्मा, प्रकाश डासीला, बलवंत टम्टा, गजेंद्र फर्तियाल, बी के भट्ट, नरेन्द्र बनोला और तारा मेहरा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


