HomeHimachalहिमाचल में बादल फटा : बाढ़ से भारी नुकसान, मनाली-लेह हाईवे बंद

हिमाचल में बादल फटा : बाढ़ से भारी नुकसान, मनाली-लेह हाईवे बंद

Himachal News | हिमाचल प्रदेश के मनाली में आधी रात बादल फटने से अंजनी महादेव नदी व आखरी नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ आने से पलचान में भारी तबाही हुई है। पलचान पुल पर मलबा आने से मनाली लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया है। बादल फटने से आई बाढ़ से पलचान में एक मकान भी ढह गया। इसके अलावा नदी में बने एक बिजली प्रोजेक्ट को भी नुकसान हुआ है। देर रात नदी से आ रही भयंकर आवाज से हर कोई सहम गया। घरों में रह रहे लोगों ने भागकर जान बचाई लेकिन घर बाढ़ की चपेट में आ गए।

एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा रात में टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नदी तट पर बसे लोगों को अलर्ट कराया गया है। उन्होंने बताया की बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ है। मनाली प्रशासन राहत कार्य में जुटा है। प्रशासन नुकसान का भी आंकलन कर रहा है। बाढ़ से धनी राम सहित खिमी देवी के घर बह गया है जबकि सुरेश के घर को नुकसान पहुंचा है।

बीआरओ की टीम सड़क बहाली में जुटी

पलचान पुल पर सारा मबला और बड़े बड़े पत्थर आने से यातायात छह घंटे से बाधित है। इसकी सूचना मिलने के बाद बॉर्डर रोड सर्विस (बीआरओ) ने मशीनरी मौके पर पहुंच गई है और सड़क की बहाली में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात जब नाले में बाढ़ आई तो क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए। यहां बीते साल भी बरसात में भारी तबाही हुई थी।

कई भागों में सात दिन भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ भागों में आज से 31 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट है। वहीं, बीती रात को कई भागों में भारी बारिश हुई है। पालमपुर में 68.0, धौलाकुआं 44.0, नयनादेवी 42.6, धर्मशाला 35.4, बीबीएमबी 27.0, डलहौजी 25.0, शिमला 24.8 और चंबा में 22.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

धुंधी से पलचान तक गाड़ियों की आवाजाही बंद

हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक यह सड़क धुंधी से पलचान तक सभी तरह की गाड़ियों के लिए बंद हो गई है। इसके चलते सभी गाड़ियों को अटल टनल से वाया रोहतांग होकर मनाली भेजा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग इस्तेमाल करने के लिए कहा है। बता दें कि बीते साल भी हिमाचल प्रदेश में बारिश की वजह से आई आपदा ने मंडी, कुल्लू, मनाली और शिमला में भारी तबाही मचाई थी।

लाहौल और स्पीति पुलिस ने कहा…

मनाली क्षेत्र में अंजनी महादेव नाले में बादल फटने के कारण एनएच-3 पर धुंडी और पलचान पुल के बीच का हिस्सा प्रभावित हुआ है। लाहौल और स्पीति पुलिस ने आज गुरुवार को एक परामर्श जारी कर कहा कि अटल टनल के उत्तरी द्वार से लाहौल और स्पीति से मनाली जाने वाले वाहनों को रोहतांग की ओर मोड़ दिया गया है। यात्रियों से यह भी कहा कि वे केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें, सावधानी से वाहन चलाएं तथा मार्ग में संभावित खतरे के प्रति भी सचेत रहें।

 

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments