सीएनई रिपोर्टर, कपकोट। बुरांश फाउंडेशन ने फरसाली क्षेत्र में स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और नुक्कड़ नाटक सहित कई सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम चलाए। इसी क्रम में, संस्था ने रविवार को एक स्वच्छता अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसके माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया।
भूतपूर्व सूबेदार मेजर राम गिरी गोस्वामी (जिला संयोजक, बागेश्वर) के मार्गदर्शन में, 100 से अधिक स्वयंसेवकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान चंदन गिरी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शुरुआत की और सभी से लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम समन्वयक हरीश टम्टा और सह-समन्वयक हरेंद्र कुमार घटियाल ने बताया कि यह संस्था लंबे समय से उत्तराखंड के कई जिलों में संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे सामाजिक क्षेत्रों में काम कर रही है।
मुख्य वक्ता के तौर पर, वन पंचायत के सरपंच जगन्नाथ पांडे ने वनों के महत्व और उनके संरक्षण पर अपने विचार रखे। इस मौके पर संस्थापक गिरीश पैंतोला, नंदन गिरी गोस्वामी, कमल गिरी गोस्वामी, कैलाश चंद्र जोशी, भूपाल सिंह कोरंगा, चंचल गिरी, नवीन गिरी, संतोष कांडपाल, सुरेश कांडपाल, मीना घटियाल और कमला टम्टा समेत कई लोग मौजूद रहे।

