उत्तराखंड में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं
एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। उत्तराखंड में धामी सरकार के 4 साल पूरे होने के मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को हल्द्वानी में एमबी इंटर कॉलेज मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले उन्होंने उत्तराखंड के सीएम को धाकड़ धामी बताया था, लेकिन जिस तरह से उन्होंने प्रदेश में धुआंधार कार्य किया है अब वे ‘धुरंधर धामी’ भी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देव भूमि है और यहां घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है।
राजनाथ सिंह ने सबसे पहले भारत माता के जयकारे लगाये। उन्होंने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, अजय टम्टा, अजय भट्ट, अजय कुमार, गणेश जोशी, रेखा आया, मदन कौशिक, मदन सिंह कैड़ा, बंशीधर भगत, सरिता आर्या, गजराज सिंह बिष्ट सहित तमाम नेतागणों का अभिनंदन किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वे शौर्य, पराक्रम व देशभक्ति की धरती को शीष झुकाकर नमन करते हैं। उत्तराखंड की भूमि वेदों और देवों की भूमि है। यहां देवताओं का निवास स्थान है। उत्तराखंड वासियों के स्वभाव से वह अच्छी तरह परिचित हैं। उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री रहते ही उत्तराखंड का गठन हुआ था। यहां के लोग स्वभाव से बहुत सौम्य होते हैं। हिंदुस्तान के किसी भी राज्य में पर्वत की सी अटलता देखने में नहीं मिलती जैसे उत्तराखंड में मिलती है। आध्यात्मिक चेतना को एक नई उर्जा देना का काम उत्तराखंड करता है। यह तपोस्थली है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में ज्ञान, साधना व संस्कार की परंपरा पूरे राष्ट्र को एक दिशा देने का काम करती है। पुष्कर सिंह धामी के चार वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर यह सभा हो रही है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की जीत का दावा उन्होंने काफी पहले ही कर दिया था। कहा कि हमारा धामी साधारण धामी नहीं, बल्कि धाकड़ धामी है। पर इसे धाकड़ ही नहीं, धुरंधर धामी भी कहा जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने यहां धुआंधार काम किया है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में जहां युद्ध चल रहा है, वहीं भारत की इसमें अलग राय हैं। प्रधानमंत्री का मानना है कि बातचीत व कूटनीति के जरिए ही समस्या का समाधान निकलेगा। विश्व में इस समय जो युद्ध चल रहे हैं, इनका समाधान बातचीत व कूटनीति ही है।
हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का मस्तक दुनियां में जो ऊंचा किया है, उसकी जितनी तारीफ की जाये कम है। पहले अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत अगर कुछ बोलता था तो कोई उसे सुनता नहीं था। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जब भारत बोलता है तो पूरा विश्व कान खोलकर सुनता है कि भारत क्या कह रहा है।
उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में भारत भी प्रभावित हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री ने आज भी उस संकट में नहीं फंसने दिया। आज वैश्विक स्तर पर उत्पन्न हुए संकट पर प्रधानमंत्री जो भी कोशिश कर रहे हैं उसे जनता का समर्थन मिलना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में 9 सालों से भाजपा की सरकार है, जो कोई साधारण अध्याय नहीं है। प्रदेश में आज साढ़े चार लाख करोड़ की परियोजनाओं में काम चल रहा है। यह बहुत बड़ी बात है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज धामी के नेतृत्व में प्रदेश महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। सरकारी सेवाओं में भी निरंतरी भागीदारी बढ़ रही है। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सरकारी सेवाओं में दिया गया है।

उत्तराखंड में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं
राजनाथ सिंह ने कहा कि हम केवल सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते, बल्कि देश बनाने की राजनीति करते हैं। यह गुण अन्य किसी राजनैतिक पार्टी में नहीं है। उत्तराखंड को सुरक्षित रखने व इसकी पवित्रता को बनाये रखने के लिए धामी के नेतृत्व में कार्य चल रहा है। यहां अवैध घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। यदि कोई बाहर से आकर यहां बसना चाहे तो कोई पाबंदी नहीं, लेकिन गैरकानूनी तरह से यहां नहीं बस सकता। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि धामी के नेतृत्व में 10 हजार से भी अधिक अतिक्रमण हटाये गये हैं। अनाधिकृत कब्जों को लगातार हटाया जा रहा है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभा को संबोधित करते हुए जनता को शक्ति की उपासना के पावन पर्व नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के सफलतापूर्वक चार साल पूरे होने पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यक्रम में पहुंचे हैं। यह हमारे सौभाग्य की बात है। राजनाथ सिंह के यूपी के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही उत्तराखंड के स्वतंत्र विकास की नींव रखी गई। 2014 से पूर्व देश की राजनीति में घपले—घोटाले व भ्रष्टाचार के सिवा कुछ न थी। विदेश में हमारा कोई सम्मान नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आरुड़ होने के बाद देश और विदेश में भारत की छवि उज्जवल हुई। मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने विकसित भारत का संकल्प लिया है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। कश्मीर में धारा 370, तीन तलाक व दोहरी नागरिकता को समाप्त किया गया है। देश के हर वर्ग के लिए तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। विपक्षी पार्टी के समय में केवल गरीबी हटाओ के नारे दिए जाते थे, लेकिन धरातल में कोई काम नहीं होता था। किंतु आज केंद्र सरकार ने एक नए युक का सूत्रपात किया है। पिछले 11 सालों में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। विपक्षी दल को हमारे सनातन और धर्म—संस्कृति से कोई लेना—देना नहीं है। विपक्ष की सरकारन ने तो राम सेतू को तोड़ने तक के लिए अपनी पूरी शक्ति लगा दी थी। 2014 में तो सैनिक को भी गोली चलाने की अनुमति लेनी पड़ती थी, लेकिन आज सेना को पूरी छूट दी गई है। शहीदों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को भी पांच गुना बढ़ाया है।
कांग्रेस को दोषारोपण की आदत
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लोग जब हारते हैं, कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग को दोष देते हैं। अब कहने लगे हैं कि वोट काटे जा रहे हैं। जनता बताएं कि क्या अवैध घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार होना चाहिए? यदि ऐसे घुसपैठियों को हम वोट के अधिकार से वंचित कर रहे हैं तो इसमें कांग्रेस को क्या दिक्कत है।

विकास कार्यों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण
धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर जनसभा स्थल पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में राज्य में हुए प्रमुख विकास कार्यों, इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाया गया है। यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।


