एक वाहन को ओवरटेक करते हुई आमने—सामने की टक्कर
CNE REPORTER/ऊधम सिंह नगर (खटीमा): चकरपुर-बनबसा मार्ग पर बुधवार की देर शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। जगबुड़ा पुल के पास एक तेज रफ्तार बाइक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के दो परखच्चे उड़ गए और उसका आधा हिस्सा कार के बोनट को चीरते हुए अंदर जा धंसा। यह पूरी विचलित कर देने वाली घटना कार के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, खटीमा के वार्ड नंबर 13 निवासी दो दोस्त, नावेद खान (29 वर्ष) और नमन मौर्या (25 वर्ष) किसी निजी कार्य से बनबसा गए थे। देर शाम घर लौटते समय जब वे जगबुड़ा पुल के समीप पहुँचे, तो एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक सामने से आ रही दिल्ली नंबर की कार से सीधे जा टकराई।

डैशबोर्ड फुटेज में साफ दिख रहा है कि ओवरटेक के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सीधे कार की चपेट में आ गई। टक्कर का वेग इतना अधिक था कि बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कार में सवार लोग दिल्ली से टनकपुर की ओर जा रहे थे।
टुकड़ों में बंटी बाइक, अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही चकरपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई विकास कुमार टीम के साथ मौके पर पहुँचे। 108 एंबुलेंस के जरिए लहूलुहान हालत में दोनों युवकों को खटीमा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि बाइक का अगला हिस्सा कार के अंदर ही फंस गया और पिछला हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा।
उजड़ गया भरा-पूरा संसार: परिजनों में मचा कोहराम
इस दुर्घटना ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- नावेद खान (29): पुत्र बाबू खान, निवासी वार्ड संख्या 13, खटीमा। (निकाह को मात्र 1.5 से 2 साल हुए थे)
- नमन मौर्या (25): पुत्र सुरेंद्र कुमार, निवासी वार्ड संख्या 13, खटीमा। (विवाह को अभी केवल एक वर्ष बीता था)
दोनों युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही उनके घरों में मातम पसर गया है। नवविवाहिता पत्नियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक की लहर है।
पुलिस की कार्रवाई और बयान
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
“चकरपुर-बनबसा मार्ग पर जगबुड़ा पुल के पास यह दुखद हादसा हुआ है। प्रारंभिक जांच और डैशबोर्ड कैमरे के फुटेज से पता चला है कि ओवरटेक के दौरान बाइक कार से टकराई थी। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।”
— विकास कुमार, एसआई (चौकी इंचार्ज, चकरपुर)


