तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार, क्या था पूरा मामला ?
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी : कालाढूंगी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक सिरफिरे ट्रैक्टर चालक ने कार सवार युवक को जान से मारने की नियत से उसके वाहन को बार-बार टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को अवैध हथियार समेत दबोच लिया है।

घटना 31 मार्च 2026 की रात करीब 09:30 बजे की है। लच्छमपुर, चकलुवा निवासी हिमांशु देऊपा अपनी नई कार से पहाड़ी ढाबा में खाना खाने आए थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा ने पुरानी रंजिश को लेकर आपा खो दिया। आरोपी ने जान से मारने की नियत से अपने भारी-भरकम ट्रैक्टर से हिमांशु की कार पर एक के बाद एक कई जोरदार टक्करें मारीं। इस जानलेवा हमले में हिमांशु देऊपा और उनके साथी को गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके पर भद्दी गालियां देते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रैक्टर सहित फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉक्टर मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। उनके कुशल निर्देशन में पुलिस अधीक्षक अपराध डॉक्टर जगदीश चंद्र और पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू की। क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
घेराबंदी कर आरोपी दबोचा, अवैध तमंचा बरामद
आज बुधवार, 01 अप्रैल 2026 को सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने सटीक सूचना पर आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा को नैनीताल मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और एक अवैध तमंचा (315 बोर) बरामद किया है। अवैध हथियार मिलने के कारण आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
खनन विवाद बनी रंजिश की वजह
पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से खनन सामग्री को सस्ता या महंगा डालने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी व्यापारिक रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें वर्ष 2015 में कालाढूंगी थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज जोशी, उप निरीक्षक राजेश जोशी प्रभारी स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, उप निरीक्षक राजवीर नेगी प्रभारी चौकी बैलपड़ाव, उप निरीक्षक पूजा रानी, सहायक उप निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट, कांस्टेबल अमनदीप, कांस्टेबल किशन गोस्वामी, कांस्टेबल अखिलेश तिवारी और कांस्टेबल अरविंद बिष्ट स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल का सख्त संदेश: “जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। सरेआम जानलेवा हमला करने और अवैध असलहे रखने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। खनन या किसी भी व्यापारिक विवाद को आपसी रंजिश बनाकर अपराध करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। आम जनमानस की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”



