AlmoraUttarakhand

Almora News: हर समस्या का होगा सरलीकरण और बनेगी नई खेल नीति—मुख्यमंत्री, अल्मोड़ा में आशीर्वाद रैली में उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम


— जोश व उमंग से भरे रहे भाजपा कार्यकर्ता, रेला देख गदगद हुए अतिथि
— प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट ने भी की शिरकत
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा ​कि हर समस्या का सरलीकरण करके उसका समाधान होगा और प्रदेश में नई खेल नीति बनेगी। श्री यहां आशीर्वाद रैली को संबोधित कर रहे थे। आज आशीर्वाद रैली के माध्यम से अल्मोड़ा में आज भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम ​उमड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अल्मोड़ा दौरे को लेकर कार्यकर्ता पूरे जोश व उमंग से रैली में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सोमवार को अल्मोड़ा पहुंचे पुष्कर सिंह धामी के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ता भारी उत्साह से भरे रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। निर्धारित कार्यक्रम से करीब दो घंटे विलंब से अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां आशीर्वाद रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली माल रोड होते हुए रैमजे इंटर कालेज पहुंची। जहां खचाखच भरे रैमजे प्रांगण में रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा से काफी अभिभूत हैं। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वे उत्तराखंड के हर क्षेत्र की समस्याओं से वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा से पहले जिसकी सरकार रही, तब केवल घोषणाएं हुई, जो धरातल पर नहीं आई। बाद में भाजपा सरकार के रहते हर घोषणा का तत्काल शासनादेश जारी होकर काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परेशानी दूर करने का प्रयास होगा और हर परेशानी का सरलीकरण किया जाएगा। जिसके बाद समाधान होगा। काम होने पर ही फाइल बंद होगी। श्री धामी ने कहा जो काम जिस स्तर का होगा, उसे उसी स्तर पर निपटाना लक्ष्य है, ताकि लोगों को भटकना नहीं पड़े। अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कालेजों के लिए 501 नये पद सृजित किए जा रहे हैं और प्रदेश में नई खेल नीति बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा को रेल सेवा से जोड़ने के प्रयास होंगे और अल्मोड़ा बाजार में झूलते तारों को भूमिगत किया जाएगा। इसके अलावा अल्मोड़ा में अविलंब पार्किंग स्वीकृत करने का ऐलान किया और कहा कि जागेश्वरधाम श्रावणी मेले को राज्य मेला घोषित किया जाएगा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के शीतलाखेत को सेब उत्पादक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने जिले की सभी विधानसभाओं के लिए कई घोषणाएं की।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कुमाउंनी में अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री धामी और प्रधानमंत्री के कार्यों की मुक्त कंठ से तारीफ की। उन्होंने कहा कि ईमानदारी व त्याग हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार का हर फैसला जनता के हित में होगा। मोदी के नेतृत्व में देश लगातार हर क्षेत्र में विकास के कदम बढ़ा रहा है। श्री भट्ट ने कहा कि सीमाओं पर बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करा दी और हमारे सैनिक सीमाओं में बेहतर चौकसी कर रहे हैं। प्रदेश में पर्यटन की अपार सम्भावनाओं को देखते हुए भविष्य में यहॉ पर कई कार्य किये जाने हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि हमारी सरकार बेहतर काम किया है। हमने इन साढ़े चार साल में राज्य को एक नई दिशा दी है। बढ़िया काम किया है। सभी वक्ताओं ने कहा कि रैली में उमड़े जनसैलाब ने संकेत दे दिया है कि वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा वर्ष 2017 से भी अच्छा प्रदर्शन करेगी। राज्य मंत्री रेखा आर्य ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए जा रहे कल्याणकारी कदमों की प्रशंसा की और अपने विभाग की योजनाओं का उल्लेख किया।
सिमकनी मैदान में भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री का हैलीकाप्टर यहां सिमकिनी मैदान में उतरा। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट व संगठन महामंत्री अजेय व राजेन्द्र भंडारी का कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, प्रभारी मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान व कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य व विधायक महेश नेगी, महेश जीना, प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, डीसीबी अध्यक्ष ललित लटवाल, पूर्व राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल, रमेश बहुगुणा समेत बड़ी में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वहीं भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं नेसंख्या अतिथियों का तिलक लगाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इधर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शाल ओढ़ाकर व प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया गया।
बाइक रैली निकाली

स्वागत के बाद भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनील बिष्ट के नेतृत्व में बाइक रैली निकाली। कार्यकर्ताओं का बाइक रैली का काफिला लोअर मॉल रोड से बेस होते हुए कर्बला व माल रोड होते हुए गुजरा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button
किचन गार्डन में जरूर लगाएं ये पौधे, सेहत के लिए भी फायदेमंद Uttarakhand : 6 PCS अधिकारियों के तबादले शाहरूख खान की फिल्म डंकी 100 करोड़ के क्लब में शामिल हिमाचल में वर्षा, बर्फबारी होने से बढ़ी सर्दी Uttarakhand Job : UKSSSC ने निकाली 229 पदों पर भर्ती