रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्या है पूरा मामला?
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। नैनीताल जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में सक्रिय पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी प्रियांशु बिष्ट को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र में दिनांक 27 सितंबर 2024 को दर्ज प्राथमिकी संख्या 289/2024 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 351(2) और 352 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकलने में सफल हो रहा था।
ऐसे हुआ गिरफ्तारी का ऑपरेशन
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की। रामनगर थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम ने सीतावनी तिराहा, टेड़ा गांव रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कौन है गिरफ्तार आरोपी?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रियांशु बिष्ट उर्फ बंश ठाकुर के रूप में हुई है। वह सुनील बिष्ट का पुत्र है और मूल रूप से ग्राम मीरापुर पहाड़ियों वाला, पोस्ट कल्लूवाला, थाना अफजलगढ़, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। वर्तमान में वह रामनगर के टेड़ा रोड क्षेत्र में रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक महेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल कुंदन कठैत (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और कांस्टेबल त्रिलोक सिंह (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) शामिल रहे। पूरी टीम ने एकजुट होकर इस लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।


