CNE REPORTER, बागेश्वर। कपकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत रिखाड़ी इलाके में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बावे बेंड के पास एक बोलेरो वाहन (UK-02 TA 3078) लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया जा रहा है।



तहसील प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन भराड़ी से सवारी लेकर खलझूनी की ओर जा रहा था। रिखाड़ी क्षेत्र में मुनार के समीप बावे बेंड के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह ने तहसील और पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और घायलों को खाई से निकालने में जुट गए। इसके बाद प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

घायलों को रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कपकोट लाया जा रहा है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में वाहन चालक दीपक राम (36), नीमा देवी (32), प्रेमा देवी (38) और कमल सिंह (38) शामिल बताए जा रहे हैं।

हादसे में मृत महिलाओं में पनुली देवी और सुपुली देवी, निवासी खलझूनी की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य महिला की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल, थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति के लापता होने की भी सूचना है, जिसकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


