सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। आज सुबह एक युवक का सड़क किनारे शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। शव सुयालबाड़ी से करीब 15 किलोमीटर पहले मोना रोड पर बैरोली (दियारी) ग्राम के पास सड़क के एक ओर पड़ा था। शव की शिनाख्त बैरोली गांव के टैक्सी चालक स्पर्श सिंह जीना के रूप में हुई है। यह हत्या है या सड़क दुर्घटना मामले को लेकर जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज बुधवार सुबह करीब 9 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मोना रोड पर ग्राम बैरोली के निकट एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने चौकी इंचार्ज गोविंदी टम्टा, कांस्टेबल तारा कम्बौज पहुंचे। शव की मौके पर शिनाख्त ग्राम बैरोली, पोस्ट आफिस दियारी निवासी स्पर्श सिंह जीना उम्र 34 वर्ष पुत्र किसन सिंह जीना के रूप में हुई।
बैरोली से मृतक को निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी लाया गया। जहां से डॉ. राशिद अली ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम सुसंगत कार्रवाई होगी।
शव की हालत हत्या की ओर कर रही इशारा
इधर मालूमात करने पर पता चला कि मृतक पेशे से टैक्सी चालक था, लेकिन इन दिनों कई दिनों से अपने घर पर ही रह रहा था। वह अविवाहित है। मृतक के सिर व पांव में चोट के निशान स्पष्ट देखे जा सकते हैं। हालांकि पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन हत्या की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि टैक्सी चालक स्पर्श सिंह जीना का शव जिस तरह से उसके ही गांव के पास पड़ा मिला है। उससे ऐसा लगता है कि उसकी हत्या की गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। फिलहाल पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक इस विषय में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था।

