पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
CNE REPORTER, हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर बनभूलपुरा क्षेत्र में लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह ट्रक बैटरियां तथा घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है। इस कार्रवाई का खुलासा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी ने किया।
सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 12 फरवरी 2026 को वादी जुहैब आलम पुत्र शमशाद हुसैन निवासी लाइन नंबर 13, आजाद नगर ने थाना बनभूलपुरा में तहरीर देकर बताया कि 7 फरवरी 2026 को उनका डम्पर संख्या DL1G 5376 इन्द्रानगर गेट के पास खड़ा था, जहां से अज्ञात चोरों द्वारा बैटरी चोरी कर ली गई। जांच में यह भी सामने आया कि आसपास खड़े अन्य वाहनों से भी बैटरियां चोरी की गई थीं।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बनभूलपुरा में मुकदमा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज यादव को सौंपी गई।
पुलिस की विशेष टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में अपराध रोकथाम एवं चोरी के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी अमित कुमार सैनी तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। लगातार प्रयासों के बाद दिनांक 14 फरवरी 2026 को गौला बाईपास रोड से चोरी में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
- विनोद कुमार पुत्र अमर सिंह, उम्र 25 वर्ष
- रंजीत सिंह पुत्र ख्याली राम, उम्र 24 वर्ष
- रंजीत सिंह पुत्र राम भरोसे, उम्र 26 वर्ष
— निवासीगण: ग्राम पिण्डारी अशोक, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) - जलील अहमद (कबाड़ी) पुत्र अली शेर, उम्र 40 वर्ष
— निवासी: मोहल्ला अब्बास नगर, थाना बहेड़ी; स्थाई पता ग्राम नगलिया कलां, थाना शेरगढ़, जिला बरेली
बरामदगी
- चोरी में प्रयुक्त वाहन संख्या UP 15 AN 2345 (स्विफ्ट डिजायर)
- विभिन्न कंपनियों की 06 ट्रक बैटरियां
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गौला नदी के पास खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर कई बार बैटरी चोरी कर चुके हैं। चोरी की गई बैटरियां वे कबाड़ी जलील अहमद को बेच देते थे। कुछ बैटरियां आसपास छिपाकर रखी जाती थीं और मौका मिलते ही उन्हें उठाकर बेच दिया जाता था।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि पहले चोरी की गई बैटरियों को कबाड़ी द्वारा तोड़कर आगे बेच दिया गया था, जिससे साक्ष्य नष्ट हो जाएं।
आपराधिक इतिहास
आरोपी रंजीत पुत्र ख्यालीराम, विनोद पुत्र अमर सिंह तथा रंजीत पुत्र राम भरोसे के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं:
- धारा 379/411/414 भारतीय दंड संहिता, थाना बहेड़ी, जिला बरेली
- धारा 411/414 भारतीय दंड संहिता एवं 41 दंड प्रक्रिया संहिता, थाना बहेड़ी, जिला बरेली
कबाड़ी जलील अहमद का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल महबूब अली, कांस्टेबल सुनील कुमार तथा कांस्टेबल मोहम्मद यासीन शामिल रहे।
क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता
बनभूलपुरा क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन बैटरी चोरी की घटनाओं से वाहन स्वामियों में भय का माहौल था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राहत की भावना है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अपने वाहनों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतें।
यह कार्रवाई नैनीताल पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के प्रभावी उपयोग का परिणाम मानी जा रही है।

