बागेश्वर। अक्सर चुनावी वादे सिर्फ वादे बनकर रह जाते हैं, लेकिन बागेश्वर की एक नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान ने इस धारणा को तोड़ते हुए एक शानदार पहल की है। उन्होंने अपनी जीत के बाद पहला वादा पूरा करके एक अनूठी मिसाल कायम की है।
बेटी के जन्म की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचीं प्रधान
भैरूचौबट्टा गांव की निवासी हेमा देवी को बागेश्वर जिला अस्पताल में एक बेटी हुई। जैसे ही यह खबर गांव की नई प्रधान दया देवी को मिली, वह तुरंत अस्पताल पहुंच गईं। उनके हाथ में ₹6000 की राशि थी, जिसे उन्होंने नवजात बच्ची की मां को भेंट किया।
क्या था चुनावी वादा?
दया देवी ने अपने पंचायत चुनाव के दौरान यह घोषणा की थी कि वह अपनी ग्राम सभा में किसी भी महिला की डिलीवरी होने पर ₹6000 की आर्थिक मदद देंगी। इसके साथ ही, उन्होंने गांव की किसी भी बेटी की शादी होने पर भी ₹6000 की सहायता देने का वादा किया था।
ग्रामीणों ने की सराहना
प्रधान के इस नेक काम की पूरे गांव में खूब सराहना हो रही है। इस मौके पर दया देवी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हें अपना पहला वादा पूरा करने का मौका मिला है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। ग्रामीण राजू ने कहा, “हमें उम्मीद है कि अब हमारा गांव विकास के मामले में भी आगे बढ़ेगा।” इस दौरान नवीन धौनी, नीरज, अनिल, बिशन गोस्वामी, गुंजन, मोहित, प्रिंस, दीपा गोस्वामी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।


