सफाई व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय
सीएई रिपोर्टर, बागेश्वर। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। नगर निकाय डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कचरा पृथक्करण, नालों की नियमित तथा प्रभावी सफाई आदि को लेकर निर्णय लिये गये। तय हुआ कि जल संस्थान लोगों को स्वच्छ तथा सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल परीक्षण करेगा।
मंगलवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने नदियों के संरक्षण एवं पुनरुद्धार के लिए विभिन्न विभागों के संचालित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। नगर पंचायत गरुड़ को एनजीटी मानकों के अनुरूप ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए उपयुक्त भूमि चयनित करने के निर्देश दिए।
नमामि गंगे समन्वयक को बिंदूवार एजेंडा तैयार करने को कहा। गंगा टाउन क्षेत्रों में सेप्टिक टैंक प्रबंधन, अर्थ गंगा माडल के कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। नदियों एवं उनकी सहायक नदियों के किनारे स्थित गांवों को चिह्नित करें। वहां प्राकृतिक खेती के लिए कार्य योजना बनाएं। जल निगम को हर घर जल सर्टिफिकेशन के अंतर्गत चयनित स्थानों पर थर्ड पार्टी री-वेरिफिकेशन कराएगा।
नमामि गंगे नोडल अधिकारी तथा डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने बताया कि सभी नगर निकायों में शतप्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है। कृषि विभाग ने135 गांवों में किसानों को जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया है। परंपरागत कृषि विकास योजना में 200 क्लस्टरों का गठन भी किया गया है। बैठक में जिला विकास अधिकारी संगीता आर्य आदि उपस्थित थे।


