👉 गांधी पार्क में धरना व नारेबाजी, विभिन्न मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री को प्रेषित
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर आज उससे संबद्ध उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ अल्मोड़ा तथा एनएचएम कर्मियों ने एकजुट होकर गांधी पार्क चौघानपाटा अल्मोड़ा में अपने हकों के लिए पुरजोर आवाज उठाई। उन्होंने धरना दिया और अपनी मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्री को भेजे।

धरने के दौरान सभा में आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों और एनएचएम कर्मियों ने अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया और सरकार से उनके साथ न्याय करने की मांग की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों का मानदेय हरियाणा, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हिमाचल आदि राज्यों की भांति बढ़ाने, पोषण ट्रैकर के लिए मोबाइल रिचार्ज की धनराशि बढ़ाने, THR की खरीद एवं वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पोषाहार की गुणवत्ता में सुधार करने, स्थानीय स्तर पर उत्पादित पोषाहार वितरित करने, आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए पर्याप्त किराया एवं भवन व्यवस्था सुनिश्चित करने, फेस मीटिंग, KYC, OTP आदि तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने, मासिक बैठकों के लिए यात्रा भत्ता देने, मानदेय से हुई कटौतियों/अंशदान की राशि का समयबद्ध भुगतान करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, एनएचएम कर्मियों की समस्याओं का समाधान करने की मांगें उठाईं।

इसके अलावा भारतीय मजदूर संघ के 21वें अखिल भारतीय अधिवेशन में पारित मांगों की पूर्ति करने की पुरजोर मांग की। जिसमें सभी सेक्टरों में श्रम कानूनों को प्रभावी रूप से लागू करने, श्रमिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, इंडियन लेबर कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर त्रिपक्षीय तंत्र को मजबूत करने समेत न्यूनतम पेंशन, महंगाई भत्ते, वेतन सीमा, बोनस भुगतान, स्थाईकरण, सामान्य भर्ती आदि से संबंधित मांगें उठाईं।

