👉 आयोग से मिली अनुमति, द्वाराहाट के गनोली बूथ पर दोबारा मतदान कल
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: अब जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 की मतगणना की तैयारी चल रही है। मतगणना 31 जुलाई को होगी। इसके लिए तृतीय रैंडमाइजेशन सम्पन्न करते हुए 785 कार्मिकों को मतगणना टेबलों का आवंटन किया गया। उल्लेखनीय है कि जिले में दो चरणों में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कुल औसत मतदान 59.73 प्रतिशत रहा। उधर गनोली बूथ पर मतदान के दौरान हुई त्रुटि को देखते हुए कल पुर्नमतदान होगा।
जिले में प्रथम चरण में 24 जुलाई 2025 को हुए मतदान का प्रतिशत 60.20 और दूसरे चरण में 28 जुलाई 2025 को मतदान का प्रतिशत 59.24 रहा। सभी 11 ब्लाकों में कुल 59.73 फीसदी मतदान हुआ। मतदान निबटने के बाद अब मतगणना की तैयारी चल रही है, जो अंतिम चरण में है। जनपद में आगामी 31 जुलाई को होने वाली मतगणना के लिए तृतीय रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया आज मंगलवार को सम्पन्न हुई। इस प्रक्रिया के माध्यम से कुल 785 कार्मिकों को 157 मतगणना पार्टियों में विभाजित करते हुए 122 मतगणना टेबलों एवं 35 रिज़र्व टेबलों के लिए ड्यूटियां आवंटित की गई।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने रैंडमाइजेशन प्रक्रिया की निगरानी करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूरदराज़ से ड्यूटी पर आ रहे सभी कार्मिकों के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतगणना दिवस पर सभी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित रहें, ताकि मतगणना कार्य शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण हो सके। रेंडमाइजेशन के दौरान सीडीओ रामजीशरण शर्मा, एडीएम चंद्र सिंह मर्तोलिया, सीईओ अत्रेश सयाना, सूचना विज्ञान अधिकारी शिवा पांडेय, विनोद राठौर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
———————
गनोली में पुर्नमतदान कल
अल्मोड़ा: विकासखंड द्वाराहाट के मतदेय स्थल राजकीय प्राथमिक विद्यालय गनोली में सदस्य क्षेत्र पंचायत पद के लिए पुर्नमतदान कराया जाएगा। दोबारा मतदान 30 जुलाई 2025 यानी कल बुधवार को होगा। मालूम हो कि मतदान प्रक्रिया के दौरान त्रुटि हुई थी। जिला निर्वाचन अधिकारी की संस्तुति के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग ने गहन विचारोपरांत पादर्शिता व निष्पक्षता बनाये रखने के लिए इस मतदेय स्थल पर दुबारा मतदान की अनुमति प्रदान की है। साथ ही प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।

