👉 प्रतियोगिता में दिखाई रुचि, प्रियंका प्रथम, कनिका द्वितीय व माही तृतीय रहे
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिला मुख्यालय के निकटवर्ती पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कालेज हवालबाग में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा स्थापित स्टैंडर्ड क्लब ने भव्य पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मानकों के महत्व को लेकर जागरूक किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य मदन सिंह मेर ने कहा कि भारतीय मानक हमारे दैनिक जीवन को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाते हैं। उन्होंने छात्रों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार और गुणवत्ता की समझ विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में शामिल विवेकानंद पर्वतीय क़ृषि अनुसंधान संस्थान की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अनुराधा भारतीय ने मानकीकरण के वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि भविष्य की तकनीकी प्रगति भारतीय मानकों के प्रभावी अनुपालन पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि ISI, ISO, AGMARK व हॉलमार्क से उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि खरीददारी करते वक्त गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्टैंडर्ड क्लब के मेंटर डॉ. कपिल नयाल ने स्टैंडर्ड क्लब की गतिविधियों, गुणवत्ता संस्कृति के प्रसार और विद्यार्थियों को मौका देने की दिशा में विद्यालय के सतत प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो देहरादून के सहयोग से विद्यालय के स्टैण्डर्ड क्लब के माध्यम से लोगों में जागरूकता का प्रसार किया जा रहा है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखेगा। प्रतियोगिता में 34 विद्यार्थियों ने भाग लिया और भारतीय मानकों पर आधारित अपने पोस्टरों के माध्यम से रचनात्मक एवं सारगर्भित संदेश प्रस्तुत किए।
निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, संदेश की प्रभावशीलता, मौलिकता तथा विषय की समझ के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में प्रियंका आर्या प्रथम, कनिका आर्या द्वितीय व माही नेगी तृतीय रही, जबकि बरखा आर्या चौथे नंबर पर रही। प्रथम प्रतिभागी को 1000 रूपये, द्वितीय प्रतिभागी को 750 रूपये, तृतीय प्रतिभागी को 500 रूपये और चतुर्थ प्रतिभागी को 250 रूपये का नकद पुरुष्कार दिया गया। कार्यक्रम में को-मेंटर भगवत सिंह बगडवाल, टीडी भट्ट, कमलेश जोशी, सुनीता बोरा, भावना वर्मा, राकेश कुमार, हिमांती टम्टा, योगिता तिवारी, प्रीती लोहनी आदि मौजूद रहे। संचालन सुनीता बोरा ने किया।

