👉 डीएम व एसएसपी ने भिकियासैंण पहुंचकर परखीं व्यवस्थाएं, जरूरी निर्देश दिए
👉 दूसरे चरण में 580 ग्राम पंचायतों में मतदान को बनाए 632 मतदान केंद्र
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: 28 जुलाई यानी कल सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दूसरे चरण में जिले पांच ब्लाकों में मतदान की तैयारी पूरी हो चुकी है। इसके लिए रविवार को मतदान पार्टियां रवाना हो चुकी हैं। आज तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय और एसएसपी देवेंद्र पींचा भिकियासैंण पहुंचे, जहां उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतगणना की व्यवस्था परखी।
दोनों अधिकारियों ने ब्लॉक मुख्यालय में खानपान की व्यवस्थाओं का स्थलीय परीक्षण किया, जहां ‘नई दिशा आजीविका स्वायत्तता समूह’ द्वारा संचालित मसाला प्रसंस्करण यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात डीएम एवं एसएसपी ने पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। चुनाव की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों ने संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान स्थलों को लेकर स्थानीय प्रशासन से विस्तृत चर्चा की तथा सतर्क दृष्टिकोण बनाए रखने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए सुरक्षा बलों को अतिरिक्त चौकसी बरतने को कहा गया।
दूसरे चरण में जनपद के पांच विकासखंडों सल्ट, स्याल्दे, द्वाराहाट, भिकियासैंण व हवालबाग में मतदान होना है। सल्ट की 138, स्याल्दे की 95, द्वाराहाट की 122, भिकियासैंण की 99 एवं हवालबाग की 126 समेत कुल 580 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा, जिनके लिए कुल 632 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
————————

