सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां जिला प्रशासन ने इस बार एक अनूठा प्रयोग अपनाया है। जिसमें रामलीला मंचों को जन जागरूकता का माध्यम चुना है। भगवान राम के मंच से समान नागरिक संहिता (UCC) की जानकारी दी जा रही है और इसका महत्व समझाया जा रहा है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर जनपद में एक नवाचारी पहल के तहत जागरूकता का यह कार्यक्रम चल रहा है। रामलीला मंचन के दौरान दर्शकों को समान नागरिक संहिता (UCC) के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिसके तहत यहां डॉ. विद्या कर्नाटक ने विभिन्न रामलीला मंचों पर पहुंचकर लोगों को सीधी और सरल भाषा में जागरूक किया। उन्होंने UCC के महत्व और इसके सामाजिक सरोकारों के संबंध में रामलीला के दर्शकों को जानकारी प्रदान की। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि परंपरा और संस्कृति से जुड़े मंच, जन-जागरूकता के प्रभावी माध्यम हैं। इसी सोच के साथ प्रशासन ने रामलीला मंचन को जागरूकता अभियान से जोड़ा है।

