
UP News | बागपत में जैन समुदाय के निर्वाण महोत्सव के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां 65 फीट ऊंचे मंच की सीढ़ियां अचानक टूट गईं। इससे कई श्रद्धालु एक दूसरे के ऊपर गिरते चले गए। इससे भगदड़ जैसे हालात हो गए। हादसे में 80 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। 6 की मौत हो गई है। कई की हालत गंभीर है। उन्हें अलग-अलग अस्पतालों भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोग खून से लथपथ श्रद्धालुओं को ठेले से अस्पताल पहुंचा रहे हैं।
हादसा निर्वाण महोत्सव में सुबह 7 से 8 के बीच हुआ। महोत्सव आदिनाथ भगवान को लाडू (प्रसाद) चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था। आयोजकों ने 65 ऊंचा लकड़ी का मंच बनाया था। ऊपर भगवान की 4-5 फीट ऊंची प्रतिमा रखी थी। श्रद्धालु भगवान तक पहुंचने के लिए मचाननुमा सीढ़ियों से ऊपर चढ़ रहे थे। इसी दौरान वजन बढ़ने के चलते पूरा मचान भरभराकर नीचे गिर गया। हादसा बागपत शहर से 20 किलोमीटर दूर बड़ौत तहसील में हुआ है।
लोग जमीन पर तड़पते दिखे – हादसे के बाद के विजुअल सामने आए हैं। इसमें कई महिलाएं और पुरुष जमीन पर तड़प रहे हैं। वह खून से लथपथ हैं। हालात इतने बेकाबू थे कि वहां पर कोई इंतजाम नहीं था। ऐसे में मचान की जो लकड़ियों टूटकर गिरी थीं, उसी को इकट्ठा करके लोगों को उठाकर इधर से उधर ले जाया गया।
SP अर्पित विजयवर्गीय ने बताया- यह कार्यक्रम हर साल आयोजित किया जाता है। इसमें देशभर से जैन समुदाय के लोग जुटते हैं। फिलहाल, घायलों को बड़ौत सीएचसी और कुछ को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा। बागपत जिला अस्पताल अलर्ट कर दिया गया है। चिकित्सक और पुलिस जिला अस्पताल में इमरजेंसी के लिए तैयार है।
650 साल पुराना है जैन मंदिर – बागपत के बड़ौत में श्री दिंगबर जैन का करीब 650 साल पुराना मंदिर है। इस मंदिर में कुल 7 वेदियां है, जिन पर अलग-अलग तीर्थंकरों की मूर्तियां विराजमान हैं। पहली वेदी पर भगवान आदिनाथ की प्रतिमा है। बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग इस मंदिर पर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। निर्वाण महोत्सव में शामिल होने के लिए कई जिलों के लोग आए थे।
https://twitter.com/ANINewsUP/status/1884089625851167179
https://twitter.com/RaiSandeepTOI/status/1884086941681082489
https://twitter.com/Benarasiyaa/status/1884084530543485254

