चार नाबालिगों के सिर से उठा पिता का साया
सीएनई रिपोर्टर, गरमपानी
काकड़ीघाट शिव मंदिर के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में अल्मोड़ा निवासी व्यक्ति की कोसी नदी में डूबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह मंदिर दर्शन के लिए आए थे, लेकिन नदी पार करते वक्त अचानक पांव फिसलने से वह तेज बहाव में बह गए।

ऐसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक दान सिंह (40) पुत्र पान सिंह, निवासी ग्राम ओखिना (पोस्ट बेड़गांव, ब्लॉक ताड़ीखेत, अल्मोड़ा) मंदिर की ओर जा रहे थे। इस दौरान नदी पार करते समय उनका पैर फिसल गया और वे बेकाबू होकर उफनती कोसी में समा गए।
पुलिस-एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू
दोपहर करीब 12 बजे हादसे की सूचना पुलिस को मिली कि एक व्यक्ति कोसी नदी में डूब गया है। तुरंत खैरना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसएसआई प्रकाश मेहरा और कांस्टेबल जगदीश धामी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
काफी तलाश के बाद शव काकड़ीघाट शिव मंदिर से लगभग 100 मीटर आगे बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जयपुर से घर लौटे थे, परिवार पर टूटा दुख
जानकारी के अनुसार, दान सिंह जयपुर के एक होटल में काम करते थे। करीब डेढ़ महीने पहले ही वे गांव लौटे थे। मंगलवार को वे मंदिर दर्शन के लिए काकड़ीघाट आए थे। लेकिन यह यात्रा उनकी जिंदगी की आखिरी साबित हुई।
चार नाबालिग बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे के बाद मृतक के गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार नाबालिग बच्चों को छोड़ गए हैं। इस ह्रदयविदारक घटना में चार नाबालिग बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
लोगों में दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में कोसी नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। ऐसे में नदी पार करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोग दहशत में हैं और प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।


