पुणे। महाराष्ट्र के पुणे के पिरांगुट इलाके में रसायन के एक कारखाना में भीषण आग लगने से कम से कम 17 कामगारों की मौत हो गई, हालांकि सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
पिरांगुट एमआईडीसी के उरावाडे इलाके में एसवीएस एक्वा कंपनी में आज करीब 5 बजे आग लगी। आग लगने के बाद आठ दमकल वाहन मौके पर भेजे गये और लगभग 7 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के बाद पुणे ग्रामीण पुलिस के साथ मिलकर तलाश एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) के अग्निशमन प्रमुख देवेंद्र पोटफोडे ने बताया कि दमकल कर्मियों ने अब तक 17 शव बरामद किये हैं जिनमें 15 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल है।
पीएमआरडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास दिवासे ने कहा, “हमारा प्राथमिक उद्देश्य आग को बुझाना था जो पूरा हो चुका है। शव पूरी तरह जल गये हैं इसलिए चिकित्सा परीक्षण के बाद उनकी पहचान का पता चल सकेगा।”
एसवीएस एक्वा के निदेशक निकुंज शाह ने कहा, “यह फर्म पानी के शुद्धिकरण के लिए आवश्यक रसायनों के निर्माण का कार्य करती है। ये रसायन ज्वलनशील नहीं होते हैं। हमें संदेह है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। कुछ कामगार अभी भी अंदर फंसे हुए हैं।”









