पिलख्वाल ने मृतक के घर जा परिजनों को दी सांत्वना, दिल्ली में करंट लगने से हुई थी सोबन सिंह की मौत
सीएनई सहयोगी, पनुवानौला
यहां भैसियाछाना ब्लॉक के ख़ाकरी गांव निवासी सोबन सिंह (21 वर्ष), जिनकी विगत 22 सितम्बर को दिल्ली के लक्ष्मी नगर के एक होटल में करंट लगने से मौत हो गयी थी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल ने मृतक के घर जाकर उनकी माता व भाई को सांत्वना दी। साथ ही पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पिलख्वाल के साथ नंदन सिंह, मनमोहन सिंह मेहरा, चंदन सिंह रावल, पवन सिंह, दीपक बिष्ट आदि मौजूद थे।
ज्ञात रहे कि ग्राम खांकरी निवासी सोबन सिंह पुत्र चंदन सिंह लक्ष्मीनगर दिल्ली में विजय चौक (जी-87) के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में नौकरी कर रहा था। लॉकडाउन अवधि में रेस्टोरेंट स्वामी ने सोबन सिंह को तीन माह के लिए घर भेज दिया और तीन माह के बाद फोन कर वापस काम पर बुलाया। दिल्ली वापस पहुंचने के ठीक 22 दिन बाद सोबन सिंह के साथ करेंट लगने की घटना घटित हो गई और उसकी मौत हो गई थी।