➤ अल्मोड़ा में पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की प्रेसवार्ता
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने गिरधारी साहू और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के प्रकरण पर कहा कि मंत्री रेखा आर्या पर लगे 210 करोड़ की संपत्ति जुटाने के आरोप की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और जांच से पहले मंत्री को बर्खास्त किया जाना चाहिए। टम्टा ने आज यहां कांग्रेस पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि जब दोनों तरफ से आरोप एक-दूसरे पर लगे हैं। तो दोनों पक्षों के आरोपों की जांच होनी चाहिए।
पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि पिछले करीब 10 सालों से प्रदेश में भाजपा सत्तासीन है और तब से प्रदेश को लूटने का काम हो रहा है। शराब व खनन माफिया हावी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब धन के बंटवारे में माफियाओं में फूट हो रही है। टम्टा ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व गिरधारी साहू के बीच विवाद को इसी लूट का उदाहरण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मंत्री रेखा के पति की ओर से उन पर 210 करोड़ की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है, जो बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि अब जब दोनों के बीच ठन गई है, तो रेखा आर्या पहाड़ की बेटी होने की बात कहकर सहानुभूति लेने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कई उदाहरण देते हुए सवाल उठाए कि उत्तराखंड में दलित हत्या, नाबालिग बच्चियों से बलात्कार, महिला उत्पीड़न की कई घटनाएं हो चुकी हैं। अंकिता भंडारी जैसे चर्चित मामले पर आज तक न्याय मांगा जा रहा है। मगर आज तक मंत्री को पहाड़ और वहां के लोगों का दर्द याद नहीं आया।
प्रदीप टम्टा ने कहा कि गिरधारी साहू और मंत्री रेखा आर्या के बीच विवाद में दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। कानून के गिरधारी साहू की गिरफ्तारी होकर कार्रवाई चल रही है, मगर जो आरोप साहू ने मंत्री पर लगाए हैं, तो उनकी जांच भी होनी चाहिए, ताकि जनता के समक्ष सच्चाई आ सके, मगर धामी सरकार ऐसा नहीं कर रही है। उन्होंने मांग की कि मंत्री को बर्खास्त करते हुए उनके खिलाफ आरोपों की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और अपराधियों को कड़ी सजा मिले। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से भी यह सवाल किया है कि वे एक आरोप की जांच और दूसरे आरोप पर चुप्पी साधकर किसे बचाना चाह रहे हैं? प्रेसवार्ता में विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे व राजेंद्र बाराकोटी आदि शामिल रहे।
































