जैती महाविद्यालय में छात्रसंघ अभिनंदन समारोह
सीएनई रिपोर्टर, जागेश्वर (अल्मोड़ा)। राजनीति का वास्तविक उद्देश्य केवल सत्ता और पद हासिल करना नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को समझना, जनहित की आवाज बुलंद करना और विकास की राह प्रशस्त करना है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक चेतना, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा का भाव भी अपने भीतर विकसित करना चाहिए। यह संदेश पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल ने श्री राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय, जैती में आयोजित छात्रसंघ अभिनंदन समारोह में विद्यार्थियों को दिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि गोविंद सिंह कुंजवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने उनका शॉल ओढ़ाकर और बैज लगाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह में विद्यार्थियों के उत्साह और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी भागीदारी को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
विद्यार्थियों में नेतृत्व और सामाजिक चेतना विकसित करने पर जोर
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि छात्र जीवन व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे महत्वपूर्ण दौर है। विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर समाज, राजनीति और जनहित से जुड़े विषयों की समझ भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय संसाधनों के सदुपयोग, जनसहभागिता और सकारात्मक सोच को क्षेत्र के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। विद्यार्थियों से अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
महाविद्यालय के विकास में छात्रसंघ की भूमिका अहम : प्राचार्य
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ केवल विद्यार्थियों का प्रतिनिधि संगठन नहीं, बल्कि महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन, आधारभूत सुविधाओं और महाविद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को छात्रसंघ के माध्यम से प्रशासन के संज्ञान में लाने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि समस्याओं के समाधान के लिए महाविद्यालय प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।
प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय का विकास किसी एक व्यक्ति या संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्राचार्य, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, छात्रसंघ और स्थानीय समाज को साझा जिम्मेदारी निभानी होगी। सामूहिक प्रयास, आपसी सहयोग और सकारात्मक सहभागिता से ही शिक्षण संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
समारोह में पूर्व जिला पंचायत सदस्य नवीन चंद्र कोहली, ग्राम प्रधान चौगुना नाथ सिंह धानक, ग्राम प्रधान बराकोट प्रकाश चंद्र आर्य, ग्राम प्रधान सुरखाल गोपाल मेहरा, दीवान सिंह बोरा, गंगा सिंह धानक, चंदन सिंह, रमेश बिष्ट, पूरन राम कोहली, यशवंत धौनी, चंदन सिंह बोरा, कुंवर सिंह नेगी, अर्जुन नाथ एवं शंकर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









