
बचाने पहुंची बहू पर भी जानलेवा हमला
सीएनई रिपोर्टर, गरुड़ (बागेश्वर)। बागेश्वर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गरुड़ तहसील के नर्गवाड़ी (नरगोड़ी) गांव में शराब पीने से रोकने और आए दिन की गाली-गलौज से उपजे विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा और चाची की लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी लोहे की रॉड से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दोहरी हत्या की इस सनसनीखेज घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात ग्राम नर्गवाड़ी निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया पुत्र मथुरा दत्त खोलिया ने अपने सगे चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58 वर्ष) और चाची भगवती देवी (54 वर्ष) पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब पीने के बाद अक्सर गाली-गलौज करता था। उसके इस व्यवहार से परिवार के लोग परेशान थे। करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई थी, हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।
पहले चाची, फिर चाचा पर बरसाईं लोहे की रॉड
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद वह नीचे वाले कमरे में पहुंचा और चाचा पूरन चंद्र को भी ताबड़तोड़ वार कर लहूलुहान कर दिया। हमले इतने गंभीर थे कि दोनों ने दम तोड़ दिया।
बचाने पहुंची बहू पर भी किए कई वार, बच्ची के साथ कमरे में छिपकर बचाई जान
घर में चीख-पुकार सुनकर चाचा की बहू बीच-बचाव के लिए पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से तीन-चार वार कर दिए। जान बचाने के लिए बहू अपनी बच्ची को लेकर कमरे में बंद हो गई और कुंडी लगाकर खुद को बचाने का प्रयास किया। किसी तरह वह आरोपी के चंगुल से निकलने में कामयाब रही। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
देर रात घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र खोलिया और उनकी पत्नी भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बहू का उपचार जारी है।
आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित
बैजनाथ कोतवाल कैलाश नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
एक ही परिवार में हुई इस दोहरी हत्या और बहू पर जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस विवाद की शिकायत पहले भी पुलिस तक पहुंची थी, वह आखिरकार दो जिंदगियां लील गया। अब पुलिस के सामने फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।








