╰┈➤ पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए बुलंद की आवाज

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत आज बुधवार को अल्मोड़ा में कांग्रेसजनों ने भव्य जन जागरूकता यात्रा निकाली। जिसके जरिये देश में निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पुरजोर आवाज बुलंद की।
मताधिकार की रक्षा का संकल्प

निर्धारित कार्यक्रमानुसार कांग्रेसजन बड़ी संख्या में मालरोड स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत पार्क के समक्ष एकत्रित हुए, जहां से जन जागरूकता यात्रा का आगाज हुआ। यह यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गांधी पार्क चौघानपाटा पहुंची। इस मौके पर कांग्रेसजनों ने एक स्वर में लोकतंत्र की मजबूती, निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प लिया। गांधी पार्क में कांग्रेसजनों ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक वाचन भी किया। मालूम हो कि अनुच्छेद 326 भारत के नागरिकों को वयस्क मताधिकार के आधार पर चुनाव में मतदान का अधिकार प्रदान करता है।
हर गांव-हर बूथ तक फैलाएंगे जागरूकता
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के अधिकार और उसकी लोकतांत्रिक आवाज का प्रतीक है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता के अधिकारों की रक्षा हर लोकतांत्रिक दल और नागरिक की जिम्मेदारी है। जिलाध्यक्ष भोज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को मजबूती से उठाएंगे। अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ यात्रा किसी व्यक्ति या दल के विरुद्ध मात्र राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए जनजागरण का अभियान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
यात्रा में प्रमुख भागीदारी
इस यात्रा में कांग्रेस के नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, सेवादल अध्यक्ष परितोष जोशी, हर्ष कनवाल प्रदेश सचिव दीप डांगी, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद बिष्ट, पूरन सुप्याल, राजेंद्र बिष्ट, देवेंद्र बिष्ट ‘गुडडू’, भैरव गोस्वामी, पार्षद मुकेश कुमार, दीपक कुमार, प्रदीप आर्य, मनोज बिष्ट, विनोद वैष्णव, गोविन्द मेहरा, सुरेन्द्र आर्य, निर्मल रावत, दिनेश पिल्कवाल, जगदीश पाण्डेय, चन्दन भोज, राजू कनवाल, देव सिंह कनवाल, जया जोशी, फेमिना खान, दानिश खान, रमेश लटवाल, तारा चंद्र साह, प्रीती बिष्ट, गुंजन चम्याल, हीरा डोलिया, हरीश नाथ, सहाबुद्दीन, बलवंत धर्मसतू, गोविन्द बाल्टीयाल, महेंद्र मेहता, मनोज जोशी, एमएस राजपूत, बीके पाण्डेय, मनोज वर्मा, ललित सतवाल, विश्वास टम्टा, संजीव कर्मियाल, नारायण दत्त पाण्डेय, कृष्णा सिंह, दीवान सिंह बिष्ट व सतीश कुमार समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।









