बैंक ने दर्ज की उल्लेखनीय प्रगति, सकल लाभ 49.54 करोड़ रुपये रहा
अंशधारकों को नौ फीसदी लाभांश देने का निर्णय, प्रदेश में 80 शाखाओं और 8 हजार करोड़ के कारोबार का लक्ष्य
संवाददाता, अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए अपनी निजी पूंजी को बढ़ाकर 725.85 करोड़ रुपये कर लिया है। बैंक का सकल लाभ 49.54 करोड़ रुपये रहा, जबकि बैंक के कुल व्यवसाय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। बैंक ने अपने अंशधारकों को नौ फीसदी की दर से लाभांश देने का निर्णय लिया है। बैंक प्रबंधन ने आने वाले समय में पूरे उत्तराखंड में अपनी शाखाओं का विस्तार करते हुए 80 शाखाओं तक पहुंचने और बैंक का कुल कार्य व्यवसाय 8 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
शुक्रवार को नगर के शिखर होटल सभागार में अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की 35वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक की उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति, कारोबार में हुई वृद्धि और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैंक के अधिकारियों ने सदस्यों और अंशधारकों के समक्ष वर्षभर की प्रगति का ब्यौरा रखा।
बैठक में बैंक के सचिव एवं प्रबंध निदेशक पीसी तिवारी ने बैंक की वित्तीय उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि बैंक निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक की निजी पूंजी अब बढ़कर 725.85 करोड़ रुपये हो गई है। बैंक की वित्तीय स्थिति को मजबूत बताते हुए उन्होंने कहा कि बैंक का नेट एनपीए शून्य है, जो बैंक की ऋण व्यवस्था और वित्तीय अनुशासन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक का व्यवसाय 5736.58 करोड़ रुपये रहा था, जो वर्तमान में बढ़कर 6600 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। बैंक के कारोबार में हुई इस वृद्धि को बैंक की निरंतर प्रगति और ग्राहकों के विश्वास का परिणाम बताया गया।
आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं पर जोर
पीसी तिवारी ने कहा कि बदलते बैंकिंग दौर में ग्राहकों की आवश्यकताएं भी तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में बैंक की ओर से उपभोक्ताओं को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर, सुविधाजनक और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बैंक कृत संकल्प है।
उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल कारोबार का विस्तार करना नहीं, बल्कि ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग अनुभव उपलब्ध कराना भी है। इसी दिशा में बैंक की सेवाओं और सुविधाओं को लगातार आधुनिक बनाया जा रहा है।
80 शाखाओं और आठ हजार करोड़ के कारोबार का लक्ष्य
बैंक प्रबंधन ने भविष्य के लिए भी महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए हैं। बैंक की ओर से पूरे राज्य में 80 शाखाएं संचालित करने तथा बैंक के कार्य व्यवसाय को 8 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। बैंक प्रबंधन के अनुसार शाखाओं के विस्तार के साथ अधिक से अधिक ग्राहकों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
14 करोड़ रुपये अग्रिम आयकर जमा
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक ने 14 करोड़ रुपये का अग्रिम आयकर भी जमा किया है। बैंक की ओर से इसे वित्तीय वर्ष के दौरान हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया।
अंशधारकों को नौ फीसदी लाभांश
वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में बैंक के अंशधारकों के हित में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैंक ने अंशधारकों को नौ फीसदी की दर से लाभांश देने का निर्णय लिया है। बैठक में बैंक की वित्तीय उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर उपस्थित सदस्यों एवं अंशधारकों के समक्ष विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैंक प्रबंधन ने कहा कि बैंक की प्रगति में ग्राहकों, अंशधारकों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। भविष्य में भी इसी सहयोग के साथ बैंक को और मजबूत बनाने तथा राज्य के अधिक से अधिक लोगों तक आधुनिक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे।
ये लोग रहे मौजूद
बैठक में बैंक अध्यक्ष डॉ. वंसुधा पंत, प्रबंध निदेशक पीसी तिवारी, उपाध्यक्ष सदी राम आर्या, सुरेंद्र प्रसाद, सुजाता गुलाटी, रीता टंडन, महेश चंद्र पांडे, गगनदीप सिंह सहदेव, हरीश पांडे, आनंद सिंह बगड़वाल, हरीश चंद्र पाठक, नृपेंद्र सिंह रौतेला, डॉ. दीपक गौड़, मुमताज हुसैन, जीतेंद्र सिंह, गिरीश धवन, डॉ. हंसा पांडे, दुर्गा लाल, सुमन बोरा, गोविंद लाल वर्मा, चंद्रशेखर कांडपाल, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, विनीत दुर्गापाल, सरदार सुरजीत सिंह और सतीश गुप्ता समेत बैंक के अन्य अधिकारी, पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।









