देर रात बहन से झगड़ा कर घर से निकली बालिका
अलग—अलग युवकों ने किया दुष्कर्म, दो गिरफ्तार
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। शहर से मानवता शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बड़ी बहन से मामूली कहासुनी के बाद घर से झगड़ा करके निकली एक नाबालिग युवती को दो अलग—अलग युवकों ने अपनी हवस का शिकार बना डाला। दुष्कर्म पीड़िता के बायानों के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी बहन से मामूली कहासुनी के बाद घर से निकली बच्ची पहले एक युवक के झांसे में फंस गई, जिसने उसे कार में बैठाकर फोटो स्टूडियो ले जाकर पूरी रात उसके साथ दुष्कर्म किया। सुबह उसे सुनसान गली में छोड़ दिया गया, जहां से डरी-सहमी बच्ची दूसरे युवक के संपर्क में आ गई। उसने भी मदद का झांसा देकर बच्ची को अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।


मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्ची बरामद होने के बाद अपनी मां से मिली और पूरी आपबीती सुनाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
बहन से विवाद के बाद आधी रात घर से निकल गई थी बच्ची
पुलिस के अनुसार, 12 वर्षीय पीड़िता का अपनी बड़ी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर वह देर रात करीब 12 बजे घर से निकल गई। बच्ची जैसे ही रोडवेज के पास स्थित बर्फ वाली गली पहुंची, वहां पहले से मौजूद 29 वर्षीय विक्रम सिंह ने उसे अकेला देख बातचीत शुरू की और बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठा लिया।
आरोपी बच्ची को मुखानी क्षेत्र स्थित अपने फोटो स्टूडियो ले गया, जहां रातभर उसे बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह उसने बच्ची को उसी इलाके की सुनसान गली में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।
पार्क में अकेली मिली बच्ची, दूसरे युवक ने फिर बनाया शिकार
पहली वारदात के बाद डरी-सहमी बच्ची सीधे घर जाने की बजाय डी.के. पार्क पहुंच गई। यहां 21 वर्षीय सौरभ बिष्ट ने उसे अकेला देखा और मदद का भरोसा दिलाकर अपने साथ सितारगंज के शक्तिफार्म स्थित कमरे में ले गया। पुलिस के अनुसार, वहां आरोपी ने भी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह बच्ची को हल्द्वानी छोड़कर फरार हो गया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला पूरा मामला
इधर, बच्ची के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। 29 जुलाई को उसकी मां ने कोतवाली हल्द्वानी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बच्ची दो अलग-अलग युवकों के साथ जाती दिखाई दी। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, कार भी जब्त
पुलिस की सख्त पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद बच्ची को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पहली वारदात में इस्तेमाल की गई आरोपी विक्रम सिंह की कार भी बरामद कर सीज कर दी।
दोनों आरोपी हल्द्वानी के निवासी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह (29), निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी तथा सौरभ बिष्ट (21), निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार, काठगोदाम के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 115(2), 352 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


