➥ 5 दिनी कार्यशाला से विज्ञान की नई तकनीकों की सीख लेकर लौटे विद्यार्थी
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज हवालबाग की अटल टिंकरिंग लैब में पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन हो गया है। इस कार्यशाला में शामिल बच्चों ने विज्ञान की कई नवीनतम जानकारियां हासिल कीं और प्रोजेक्ट तैयार कर अपनी वैज्ञानिक सोच को उजागर किया।


कार्यशाला का समापन विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कपिल नयाल ने किया।इस मौके पर उन्होंने बताया की पांच दिनों में विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 3D प्रिंटिंग जैसी नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी गयी एवं विभिन्न इन्नोवेटिव प्रोजेक्ट्स तैयार किए गए। विद्यार्थियों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, एयर क्वालिटी मॉनिटर, स्पीड चेकर, ऑटो इरीगेशन, मून रोवर, पार्किंग अलर्ट, डिजिटल स्केल, आटोमेटिक डोर, टचलेस बेल सहित कई इन्नोवेटिव मॉडल बनाए। भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता टीडी भट्ट ने बताया कि विद्यार्थियों ने कार्यशाला के दौरान सैद्धांतिक ज्ञान को हैंडस-ऑन के माध्यम से सुदृढ़ किया। कार्यशाला में मुख्य सन्दर्भदाता राहुल शर्मा ने बताया कि किस प्रकार बच्चे नियमित अभ्यास से इन्नोवेटिव आईडियाज को मूर्त रूप दे सकते हैं और दैनिक जीवन की समस्याओं का हल ढूंढ सकते हैं। कार्यशाला में विद्यार्थियों के मध्य प्रतियोगिता में काव्या आर्या ने प्रथम, तरुण कनवाल ने द्वितीय, सौरव कुमार ने तृतीय एवं पुष्पेश कुमार ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में कमलेश जोशी, भगवत सिंह बगड्वाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संजय पांडे ने किया।



