व्यापारी जगत और राजनीतिक-सामाजिक संगठनों में शोक की लहर
CNE REPORTER, रानीखेत। नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी गिरीश वैला के निधन से पूरे रानीखेत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर व्यापारियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में नगरवासी, व्यापारी एवं शुभचिंतक उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।

उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य करन माहरा ने अपने शोक संदेश में कहा कि गिरीश वैला का निधन केवल व्यापारी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे रानीखेत क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि गिरीश वैला ने अपने सार्वजनिक जीवन में व्यापारिक और सामाजिक सरोकारों को सदैव प्राथमिकता दी तथा रानीखेत के व्यापारिक एवं सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

करन माहरा ने कहा कि व्यापार मंडल के अध्यक्ष के रूप में गिरीश वैला ने स्थानीय व्यापारियों के अधिकारों और हितों की मजबूती से पैरवी की। क्षेत्र के विकास से जुड़े हर मुद्दे पर उन्होंने मुखर होकर अपनी बात रखी और समाजहित को सर्वोपरि माना। उनका सादा जीवन, सौम्य व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव तथा समाज के प्रति समर्पण सदैव लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
बताया गया कि करीब तीन वर्ष पूर्व गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद से उनका स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा था। लंबे समय से अस्वस्थ रहने के बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन से नगर के व्यापारी वर्ग, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों में गहरा शोक व्याप्त है।
क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि गिरीश वैला का संपूर्ण जीवन व्यापारियों के हितों और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष, सेवा-भाव और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
गिरीश वैला के निधन पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मोहन नेगी, गिरीश भगत, यतीश रौतेला, अजय कुमार बबली, जयंत रौतेला, भगवंत सिंह नेगी, संदीप गोयल, गोपाल नाथ गोस्वामी, दीपक पंत, नेहा मेहरा, विनीत चौरसिया, हर्ष पंत, मनोज पांडेय, महेंद्र सिंह रावत, दीप भगत, हेम भगत तथा हरीश हरबोला सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया। सभी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
गिरीश वैला के निधन से रानीखेत ने एक ऐसे जनप्रिय व्यापारी नेता और समाजसेवी को खो दिया है, जिन्होंने वर्षों तक व्यापारियों की आवाज बनकर उनके हितों की रक्षा की और सामाजिक जीवन में अपनी सादगी, विनम्रता तथा सेवा-भाव से अमिट पहचान बनाई।



