╰┈➤ अल्मोड़ा में अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी को स्थानांतरण पर यादगार विदाई
╰┈➤ स्टाफ व पत्रकारों ने शुभकामनाएं दीं, स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां तैनात अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुंदर कुमार को आज सूचना कार्यालय में स्टाफ एवं पत्रकारों ने भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर उनकी निष्ठा, समर्पण एवं कार्य कुशलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। उनके मृदुल व्यवहार व आपसी समन्वय से कार्य करने की शैली को सभी सराहा। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य व उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।


यहां कार्यरत अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुंदर कुमार का पिथौरागढ़ स्थानांतरण हो गया है। स्थानांतरण पर उनका विदाई समारोह सूचना विभाग में आयोजित किया गया। जिसमें जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह समेत स्टाफ और पत्रकारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। पत्रकारों ने सुंदर कुमार के व्यवहार व कार्य कुशलता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासन व पत्रकारों के बीच की कड़ी को मजबूत बनाये रखा। वहीं पिथौरागढ़ में सफल कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि सुंदर कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोगात्मक व्यवहार, कार्य कुशलता एवं सकारात्मक कार्यशैली ने कार्यालय की कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाने में खासा योगदान दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुंदर कुमार अब अपने नवीन कार्यस्थल पर भी इसी प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करेंगे।
वहीं अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुंदर कुमार ने अपने अल्मोड़ा में कार्यकाल से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उनका यहां कार्य करने का अनुभव अत्यंत प्रेरणादायी और यादगार रहा है। उन्होंने कार्यालय के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पत्रकार बंधुओं के सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उन्हें स्टाफ, प्रेस क्लब एवं पत्रकारों की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश चंद्र पंत, राजेंद्र रावत, सुरेश तिवारी, प्रेस क्लब के अध्यक्ष जगदीश जोशी, सचिव अशोक पांडे, चंद्रशेखर द्विवेदी, किशन जोशी, कपिल मल्होत्रा, हिमांशु लटवाल, प्रकाश आर्या, हर्षवर्धन पांडे, सूचना विभाग के पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शंकर दत्त पांडे आदि ने विचार रखे। इस मौके पर कार्यालय के कर्मचारी व कई पत्रकार मौजूद रहे।



